मार्च में 9500 अंकों का होगा स्वच्छता सर्वेक्षण

-शहर की अव्वल रैंकिंग लाने के लिए निगम की तैयारी शुरू

गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 के मार्च में होने के चलते नगर निगम ने अब शहर में तैयारी शुरू कर दी है। सर्वेक्षण के मद्देनजर शहर से कूड़ा डलावघर जहां खत्म किए जा रहे हैं। वहीं, कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को भी सुधारा जा रहा है। इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण 9500 अंकों का होगा। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ का कहना है कि स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में शहर की अव्वल रैंकिंग लाने के लिए निगम की ओर से तैयारी तेज कर दी गई है। उम्मीद है कि मार्च में स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए टीम शहर में आएंगी। केंद्रीय शहरी एवं आवास विकास मंत्रालय की ओर से निर्धारित टीमों की ओर से शहर में स्वच्छता को लेकर सर्वे किया जाएगा।

नगर निगम ने सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए अब तैयारी तेज कर दी हैं। इसे डोर-टू-डोर पृथक्करण कूड़ा अभियान के साथ शहर में साफ-सफाई और कूड़े का बेहतर तरीके से निस्तारण करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही शहर की सड़कों के डिवाइडर की रंगाई-पुताई एवं पेंटिंग का कार्य कराया जाएगा। स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए नगर निगम की ओर से स्कूलों में भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए हैं। स्कूलों में बच्चों को सूखा व गीला कूड़ा अलग-अलग करने की जानकारी दी गई।

सर्वेक्षण से पहले ही शहर में नगर निगम द्वारा करीब 125 कूड़ा स्थलों को खत्म किया गया।इस बार कूड़ा निस्तारण सही तरीके से कराने का दावा निगम अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए केंद्र सरकार की ओर से टीम को फरवरी में आना था। मगर इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण मार्च में शुरू हो रहा है। इसकी सभी तैयारी पूरी कराई जा रही है। वहीं, साफ-सफाई और कूड़े का निस्तारण बेहतर तरीके से करना शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के निर्देश पर नगर निगम के अधिकारियों ने अब तैयारी शुरू कर दी है। निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, जलकल, उद्यान विभाग तैयारी में जुट गए हैं। इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण- 2023 कुल 9500 अंकों का होगा। जबकि पिछले साल यह सर्वेक्षण 7500 अंकों का हुआ था। स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार पानी प्लस, ओडीएफ ट्रिपल प्लस भी शामिल होगा।

नगर आयुक्त का कहना है कि स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर शहर के सभी डिवाइडर और सड़कें दुरुस्त कराई जाएगी। इसके अलावा आरओबी, फ्लाईओवर, डिवाइडर पर रंगाई-पुताई कराई जाएगी। सर्वेक्षण के लिए मार्च में अब टीम के आने की उम्मीद है। इस बार सामान्य सर्वेक्षण के भी कई कंपोनेंट में बदलाव किया गया है। इसमें वॉटर प्लस, ओडीएफ  ट्रिपल प्लस आदि भी शामिल हैं। इसके दो हजार अंक होंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बार सफाई व्यवस्था के मामले में नगर निगम देश में नंबर-1 की रैंकिंग प्राप्त करेगा।