बॉयो सीएनजी गैस प्लांट का मार्च में शुरू हो सकता है काम

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक के पास बॉयो सीएनजी गैस प्लांट का निर्माण करने की कवायद अब विरोध के बीच तेज होने लगी है। उम्मीद है कि बॉयो सीएनजी गैस प्लांट का मार्च में काम शुरू हो सकता है। नगर निगम ने गैस प्लांट लगाने के लिए चयनित कंपनी को प्लांट के लिए जमीन उपलब्ध करा दी है। प्लांट लगने के बाद यहां से सीएनजी गैस की बिक्री की जाएगी। हालांकि क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसायटी के लोग बॉयो सीएनजी गैस प्लांट लगाने का विरोध कर रहे है। प्लांट लगने से आसपास के क्षेत्र में बदबू फैल जाएगी। दरअसल, प्रदेश शासन के आदेश पर बॉयो सीएनजी गैस प्लांट लगाया जाना है। नगर निगम की क्रॉसिंग रिपब्लिक के पास जमीन खाली पड़ी हुई है। इस जमीन पर प्लांट लगाने के लिए जमीन चिन्हित की गई है। बॉयो सीएनजी गैस प्लांट के लगने से शहर में कूड़े की समस्या का समाधान आसानी से हो सकेगा।

शहर से निकलने वाला कूड़ा इस प्लांट में भेजा जाएगा। गैस प्लांट से सीएनजी नगर निगम के वाहनों को पांच रुपए सस्ती दर पर मिलेगी। इसके लिए नगर निगम का कंपनी के साथ करार हो चुका हैं। ऐसे में नगर निगम ने बॉयो सीएनजी गैस प्लांट के लिए जमीन उपलब्ध करा दी है।ताकि सीएनजी प्लांट का निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाए। वहीं, क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसायटी के लोग इसका विरोध कर रहे हैं। विरोध के चलते पिछले दिनों यहां के रहने वाले लोगों ने कैंडल मार्च भी निकाला था। यहां के लोगों का कहना है कि बॉयो सीएनजी गैस प्लांट लगने से कूड़ा प्लांट में आएगा। इससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस प्लांट का आबादी से दूर अन्य स्थान पर निर्माण किया जाना चाहिए।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार का कहना है कि बॉयो सीएनजी गैस प्लांट लगने से कूड़े की समस्या का बेहतर तरीके से निस्तारण हो सकेगा।उन्होंने बताया कि गैस प्लांट से कूड़े की दुर्गंध नहीं आएगी। प्लांट में कूड़े का निस्तारण वैज्ञानिक तकनीक से होगा।इससे यहां रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। प्रदेश शासन के आदेश पर क्रॉसिंग रिपब्लिक के पास नगर निगम की जमीन पर यह बॉयो सीएनजी गैस प्लांट बनवाया जा रहा है। उम्मीद है कि मार्च में इसका निर्माण कार्य कंपनी द्वारा शुरू कर दिया जाएगा।