शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए निगम ने चलाया प्लास्टिक मुक्त अभियान

-सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के लिए जोनल प्रभारी वृहद स्तर पर चलाएं अभियान: विक्रमादित्य मलिक
-विजयनगर जोन में अभियान चलाकर वसूला 33 हजार रुपए का जुर्माना

गाजियाबाद। नगर निगम ने स्वच्छ व सुंदर गाजियाबाद बनाने के लिए जनता से शुद्ध वातावरण व स्वच्छ शहर के लिए लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने इसके उपयोग के दुष्प्रभाव को रेखांकित करते हुए कहा कि यह मानव के साथ पशु-पक्षियों के लिए भी बेहद घातक है। इसके बहिष्कार से ही शहर सुंदर बन सकता है व वातावरण भी शुद्ध हो सकता है। शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के लिए नगर निगम ने एक बार फिर से अभियान छेड़ दिया है। म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा प्लास्टिक को ना कहने कि शुरुआत अपने आप से ही करनी होगी, इसके लिए आफिस, मुख्यालय आदि जगहों से प्लास्टिक से बनी चीजों को हटाना होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एक बार उपयोग में आने वाले प्लास्टिक से इस धरती से मुक्त करना है। प्लास्टिक मानव जीवन के लिए फायदा कम, अपितु हानिप्रद ज्यादा होता है। प्लास्टिक को हटाने से मानव जीवन को बचाया जा सकता है। इसी क्रम में रविवार को नगर निगम द्वारा रोस्टर भी तैयार किया गया है।

जिसके अनुसार बारी-बारी शहर के पांचो जोन में सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही की जाएगी। म्युनिसिपल कमिश्नर ने शहर को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए ऐसी कंपनियां विक्रेता जो सिंगल यूज प्लास्टिक को बनाती है या बेचती हैं उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने के लिए भी अपर नगर अरुण कुमार यादव को निर्देश दिए हैं। अभियान में जोनल प्रभारी को जिम्मेदारी दी गई है। सिंगल यूज प्लास्टिक  प्रतिबंध के लिए पल्लवी सिंह को नोडल प्रभारी बनाया गया है। जिसकी क्रम में रोस्टर के अनुसार अभियान की शुरुआत की गई है। विजयनगर जोन के प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने सेनेटरी इंस्पेक्टर नरेन्द्र कुमार की टीम के साथ प्रताप विहार, तिगड़ी गोल चक्कर विजयनगर में सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाया गया। कड़ी कार्यवाही करते हुए पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों से लगभग 33 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। छोटे व बड़े व्यापारियों को जागरूक करते हुए उनको सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने के लिए कहा गया और पॉलीथिन को जब्त किया गया।

जोन प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है कि बाजार जाते समय एक कपड़े का थैला अवश्य साथ लेकर जाएं ताकि पालिथीन के बढ़ते प्रयोग की गति को धीमा किया जा सके। यदि हमने पालिथीन के प्रयोग पर रोक नहीं लगाई तो भविष्य में आने वाली पीढिय़ों को निश्चित ही इसके दुष्परिणाम भुगतने होंगे। सिंगल यूज प्लास्टिक से बनने वाले उत्पादों की मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े पक्षों को सख्त निर्देश दे दिए गए हैं। इनके अलावा स्टॉक रखने वालों, आपूर्तिकर्ताओं और वितरकों को भी इन उत्पादों के कारोबार को पूरी तरह से बंद किया जाएगा। शहर हित में म्युनिसिपल कमिश्नर द्वारा लगातार प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अब प्लास्टिक खरीदने और बेचने वाले दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान में तेजी लाने के लिए म्युनिसिपल कमिश्नर ने प्रतिदिन अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।