बाढ़ से प्रभावित जनता को नही होगी कोई भी परेशानी: सुनीता दयाल

-महापौर ने बाढ़ पीड़ितों को जाना हाल, बच्चों को दूध, बिस्कुट दिलाएं
गाजियाबाद। हिंडन नदी का जलस्तर बढऩे के बाद करहेड़ा गांव समेत आसपास की कॉलोनियों में बाढ़ का पानी घुस जाने के बाद अब बाढ़ पीडि़तों की हरसंभव मदद की जा रही है। रविवार को महापौर सुनीता दयाल भी करहेड़ा स्थित प्राथमिक स्कूल में ठहराए गए बाढ़ पीडि़त परिवारों से मिलने के लिए पहुंची। महापौर ने बाढ़ पीड़ितों से उनका हाल जाना और बच्चों के लिए दूध, बिस्कुट की भी व्यवस्था कराई। महापौर ने आश्वासन दिया कि बाढ़ पीडि़त परिवारों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जिला प्रशासन,नगर निगम अधिकारियों एवं पार्षदों द्वारा यहां ठहरने की व्यवस्था की गई हैं।
महापौर ने अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव, एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह, पार्षद राजीव शर्मा, पूर्व पार्षद बिजेंद्र चौहान आदि के साथ विद्यालय में पहुंची। हिंडन नदी में बारिश के बाद जलस्तर बढऩे से करहेड़ा व डूब क्षेत्र में बसी कॉलोनियों तक में घुस गया है। बाढ़ की वजह से लोगों को अपने घरों से पलायन करना पड़ रहा है। पलायन हो रहे परिवारों को करहेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय में लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।महापौर ने वहां पहुंचकर सभी लोगों से बात की।
लोगों ने बताया कि नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा अच्छी व्यवस्था की गई है। नगर निगम के 700 कर्मचारी क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्होंने निगम के सभी अधिकारियों से वार्ता कर सभी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। हर संभव मदद की जाएगी। महापौर ने स्कूल में ही बाढ़ पीड़ितों के लिए बनवाए जा रहे भोजन का भी जायजा लिया।यहां पर प्रशासन, निगम व पार्षदों के सहयोग से भोजन की व्यवस्था की गई है। यहां पर पार्षद सुधीर नाव से मदद कर रहे है, जबकि पूर्व पार्षद सुजीत गिरी,बिजेंदर चौहान भी पीड़ितों की मदद में लगे हुए है।