31 मार्च तक जमा नहीं किया हाउस टैक्स तो लगेगा 12 फीसदी ब्याज

-हाउस टैक्स वसूली को लेकर निगम अभियान के रूप में कर रहा काम, नगर आयुक्त ने टीम को किया मोटिवेट
-फरवरी के सापेक्ष मार्च में हुई कम वसूली, जोनल प्रभारियों के लिए मेहनत जरूरी: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। नगर क्षेत्र के गृह कर बकायेदारों के लिए महत्वपूर्ण सूचना यह है कि यदि वह 31 मार्च तक बकाया कर जमा नहीं कराते हैं तो उनके बकाया पर 31 मार्च के बाद 12 प्रतिशत ब्याज लग जाएगा। मार्च माह में सिर्फ 9 दिन शेष है। साथ ही 31 मार्च के बाद लगने वाले नए कर पर मिलने वाली छूट के हकदार भी वह नहीं रहेंगे। ऐसे में उन पर दोहरी मार पड़ेगी। नगर क्षेत्र में नगर निगम गृह, सीवर और जल कर वसूलता है। सबसे अधिक कर दाता गृहकर के हैं, क्योंकि सीवर की सुविधा सभी जगह नहीं है। इन दिनों नगर निगम कर जमा करने के लिए अवकाश दिवस में भी कैंप लगा रहा है। जिससे ड्यूटी पेशा लोग अपना टैक्स अवकाश दिवस में जाकर जमा कर सकें। अनेक करदाता नगर निगम में आकर काउंटर के माध्यम से या फिर ऑनलाइन भी कर जमा करा रहे हैं, लेकिन अब भी अनेक ऐसे बड़े बकायेदार हैं, जो कर जमा नहीं करा रहे हैं।

नगर निगम ने ऐसे बकायेदारों के लिए चेतावनी जारी की है। कर वसूली के लिए नगर निगम लगातार जागरूकता अभियान भी चला रहा है। शुक्रवार को अपने कार्यालय में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने टैक्स विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। नगर आयुक्त ने फरवरी माह के सापेक्ष मार्च में कम कर वसूली को देखते हुए अधिकारियों को पेंच कसे। जोनल प्रभारी को विशेष रूप से अपने-अपने क्षेत्र में कड़ी मेहनत करने के लिए निर्देश दिए। हाउस टैक्स वसूली को बढ़ाने के लिए जोनल प्रभारी अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करें, सीलिंग की कार्यवाही को बढ़ाएं, अधिक से अधिक कैंप लगाए और कोई भी कार्यवाही नियम अनुसार ही करने के निर्देश दिए।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा ने बताया नगर आयुक्त के निर्देश पर बकाया की वसूली के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जो बकायेदार हैं यदि वह 31 मार्च तक अपना पूरा कर जमा नहीं कराते हैं तो 31 मार्च के बाद उनके बकाया पर 12 प्रतिशत का ब्याज लग जाएगा। साथ ही उन्हें 31 मार्च के बाद लगने वाले नए कर को जमा कराने पर मिलने वाली छूट भी नहीं मिलेगी। जिसके लिए जागरुकता अभियान भी चलाया जा रहा है। बडे बकायेदारों पर सीलिंग की कार्रवाई भी तेजी से की जा रही है। निगम द्वारा लगभग 260 करोड़ 85 लाख की वसूली 18 मार्च तक कर चुका है। कर वसूली बढ़ाने के लिए नगर आयुक्त द्वारा कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिसके क्रम में संबंधित टीम के साथ बैठक भी की गई और अधिक से अधिक कर वसूली के लिए योजना बनाई गई। वसुंधरा जोन को शेष बचे दिनों में लगभग 17 करोड़, मोहन नगर जोन को लगभग 4 करोड़, कवि नगर जोन को लगभग 5 करोड़, सिटी जोन को लगभग 9 करोड़, विजयनगर जोन को लगभग 3 करोड़ की वसूली करनी है।

ब्याज देने से बचने के लिए जरूरी है जमा कराए कर
नगर निगम प्रचार प्रसार के माध्यम से शहर वासियों को जागरूक कर रहा है। मार्च के बाद लगने वाले 12 फीसदी ब्याज से बचने के लिए हाउस टैक्स मार्च माह के भीतर जमा करने की अपील भी कर रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की नेतृत्व में लगातार शहर हित में कार्यवाही चल रही है। टैक्स विभाग को लक्ष्य दिए गए हैं। जिनका पूरा करने के लिए टीम लगी हुई है। सरकारी विभाग तथा आवासीय भवन से हाउस टैक्स वसूली को बढ़ाने का कार्य योजना की क्रम में हो रहा है। लोगों की सहूलियत के लिए अवकाश दिवस में भी कैंप लगाए जा रहे है। जिससे लोग नजदीकी कैंप में जाकर अपना कर जमा कर सकें।