ट्विटर पर कंगना और दिलजीत में फिर जंग

किसान आंदोलन पर सितारों के बीच कलह

नई दिल्ली। किसान आंदोलन ने कुछ फिल्मी सितारों के बीच भी वैचारिक मतभेद पैदा कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर इन सितारों में आए दिन तीखी जुबानी जंग हो रही है। ट्विटर पर नए कृषि कानूनों के समर्थन और विरोध का सिलसिला तेज हो रहा है। इसके चलते बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत, प्रियंका चोपड़ा और दिलजीत दोसांझ इन दिनों सुर्खियों में हैं। कंगना रनौत और दिलजीत के बीच सोशल मीडिया पर तीखी लड़ाई चल रही है। दोनों एक-दूसरे पर वार-पलटवार करने में पीछे नहीं हैं। फैंस भी इस जंग का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं। नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में किसान आंदोलन चल रहा है। किसान आंदोलन पर बॉलीवुड भी 2 हिस्सों में बंटा दिखाई दे रहा है। कोई कृषि कानूनों का समर्थन कर रहा है तो कोई खुलकर विरोध में सामने आ गया है। अभिनेत्री कंगना रनौत निरंतर सरकार के पक्ष में नजर आ रही हैं। जबकि दिलजीत दोसांझ और प्रियंका चोपड़ा किसानों के समर्थन में हैं। इसके चलते कंगना ने दिलजीत और प्रियंका पर गुस्सा उतारा है। अब इस पर दिलजीत का बयान सामने आया है। 16 दिसम्बर को कंगना ने ट्वीट कर लिखा था कि ये दोनों किसानों को भड़का रहे हैं। किसान आंदोलन से 70 हजार करोड़ का नुकसान हो चुका है। जिस तरीके से प्रदर्शन हो रहा है, उससे छोटी इंडस्ट्रीज को नुकसान उठाना पड़ रहा है। यह आंदोलन दंगों में परिवर्तित हो सकता है। दिलजीत दोसांझ और प्रियंका चोपड़ा, हमारे एक्शंस से कई लोग प्रभावित होते है। इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा ? इससे पहले भी कंगना दोनों के खिलाफ ट्वीट कर चुकी हैं। अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने भी कंगना पर पलटवार किया है। उन्होंने लिखा है कि कौन देशप्रेमी है और कौन देशद्रोही है, यह फैसला सुनाने का हक इसे किसने दिया। ये कहां की अथॉरिटी है, किसानों को देश विरोधी कहने से पहले शर्म कर लो थोड़ी।