गाजियाबाद में भू-माफिया ने अरबों की बेच डाली जमीन, होगी कार्रवाई

-सैन विहार में भूमि कब्जे की शिकायत पर महापौर ने अधिकारियों संग किया निरीक्षण

गाजियाबाद। नगर निगम के वार्ड-27 सैन विहार क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में अरबों रुपए की जमीन पर कब्जा कर भू-माफियाओं ने भूखंड काटकर बेच डाले। बावजूद इसके नगर निगम के अधिकारियों की इसकी भनक तक नहीं लगी। महापौर सुनीता दयाल शिकायत के आधार पर मौके पर पहुंची। उन्होंने निगम अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए इस भूमि का जल्द चिन्हीकरण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। महापौर सुनीता दयाल से सैन विहार के लोग मिलने आए थे। उन्होंने नगर निगम की सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत की। उन्होंने महापौर से मौके पर निरीक्षण करने के लिए कहा। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को महापौर सुनीता दयाल ने निगम की संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह, विजयनगर जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी, संपत्ति अधीक्षक रामशंकर वर्मा, तहसीलदार,नायब तहसीलदार, लेखपाल, स्थानीय पार्षद नरेश जाटव ने इनके साथ मौके पर पहुंचकर जमीन का निरीक्षण किया। महापौर ने अधिकारियों के साथ मिलकर खसरा संख्या-31/1,31/3, 106/1, 106/2,107,111,290,300,302, 305, 306 एवं तालाब की भूमि मौके पर देखी।

यहां पर कुछ भू-माफियाओं ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर प्लॉट बेच दिए गए। महापौर ने संपूर्ण भूमि की पैमाईश कराने और निगम को कब्जे में लेने के निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि क्रॉसिंग रिपब्लिक में कुछ भूमि के विनिमय में खामियां है। नक्शा पास कराने से पहले निगम की भूमि का विनिमय होना होता है, जिसकी अनुमति सदन से लेनी अनिवार्य होती है। लेकिन वर्ष-2012 में उक्त भूमि बिना नगर निगम सदन की अनुमति के विनिमय कर दी गई। महापौर ने इसकी जांच कराने और जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि अरबों रुपए की जमीन है। इसका चिन्हीकरण किया गया हैं। निगम कार्रवाई कर जल्द अपनी भूमि पर कब्जा लेगा। उन्होंने भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए।भू-माफिया सरकारी जमीन पर कब्जा कर गरीबों को प्लॉट बेच देते हैं न रास्ता देते हैं और न ही भूमि का विवरण बताते हैं।