कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं का नगर आयुक्त ने लिया जायजा

-हरिद्वार से जल लेकर आ रहे कांवडिय़ों से जाना उनका हालचाल
-नगर आयुक्त ने गाजियाबाद नगर निगम सीमा पर कांवडिय़ों का किया स्वागत

गाजियाबाद। 4 जुलाई से पवित्र श्रावण के महीने की शुरुआत हो गई और इस महीने की शुरुआत होते ही कांवड़ यात्रा का भी आरंभ हो गया है। बम बम भोले के जयकारे करते कावडि़ए लाखों की तादाद में गाजियाबाद से गुजरते हैं। कावड़ यात्रा को लेकर नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने खुद इसकी कमान संभाली हुई है। कांवड यात्रा में कांवाडिय़ों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए लगातार शहर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे है। संबंधित विभागीय अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाते नजर आ रहे है। इसी क्रम में नगर आयुक्त ने शुक्रवार को सफाई व्यवस्था तथा प्रकाश व्यवस्था व पैच वर्क व्यवस्था का जायजा लिया।

व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ-साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे शिव भक्तों से उनका हालचाल भी पूछते हुए कहा कि मार्ग में किसी प्रकार की असुविधा तो नही हुई है। चलते हुए कांवडिय़ों के साथ नगर आयुक्त भी कुछ दूर तक पैदल चले। जिससे यह पता चल सकें कि सड़क पर गड्ढे तो नहीं है। नगर निगम सीमा में प्रवेश होने पर नगर आयुक्त ने उनका स्वागत किया। कांवडिय़ा राजस्थान के थे, जो अलवर की तरफ जा रहे हैं, नगर आयुक्त ने उनकी कुशलता जानी। नगर आयुक्त का यह कुशल व्यवहार देख कांवडिय़े भी गदगद हो गए। नगर आयुक्त ने कहा गड्ढा मुक्ति अभियान के अंतर्गत सड़कों की मरम्मत पूरी हो चुकी है।

उन्होंने कांवड़ पटरी मार्ग के किनारे पर उगी झाडिय़ों को साफ करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। जहां लाइट नहीं है वहां पर अस्थाई प्रकाश व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें। सड़कों पर कूड़े के ढेर ना दिखाई दे। कांवड़ मार्ग सुरक्षित हो यह हमारा प्रयास है। सभी अधिकारी व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लेते रहें, जिससे सामने आने वाली समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जा सकें। किसी भी शिव भक्त को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। गौरतलब हो कि नगर निगम ना केवल कांवडिय़ों की व्यवस्थाओं में लगा हुआ दिखाई दे रहा है। बल्कि उनके स्वागत में भी नगर निगम अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। स्वयं नगर आयुक्त कांवडिय़ों का हाल चाल ले रहे है।

कांवड़ यात्रा के बीच प्लास्टिक मुक्त जन जागरूकता अभियान
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के साथ-साथ शहर की सफाई व्यवस्था पर भी नगर आयुक्त पूरा ध्यान रख हुए है। कांवड़ यात्रा के बीच नगर आयुक्त शहर को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए जन जागरुकता अभियान चला रहे है। जल लेकर आ रहे कांवडिय़ों को भी कपड़े के थैले वितरित कर सहयोग की अपील कर रहे हैं। कांवड़ रूट को पूर्णतया साफ किया जा रहा है। जिसका संबंधित अधिकारी स्वयं जायजा ले रहे हैं। कावड़ पर्व को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम प्लास्टिक फ्री जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार ने बताया कि महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के निर्देश के क्रम में शहर में सफाई के लिए सुदृढ़ व्यवस्था चल रही है। कावड़ मार्गों पर सफाई व्यवस्था तथा छिड़काव की व्यवस्था भी की गई है।

निगम द्वारा आयोजित शिविर में जीरो वेस्ट के आधार पर भंडारे का आयोजन किया जाएगा। अन्य लगे हुए शिविर में भी प्लास्टिक मुक्त जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिससे शहर को प्लास्टिक मुक्त किया जा सकें। कांवडिय़ों और उनकी सेवा में लगे श्रद्धालुओं को नगर निगम की टीम द्वारा अपील की जा रही है कि वह किसी प्रकार की प्लास्टिक का उपयोग ना करें, पर्यावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। नगर निगम द्वारा कांवडिय़ों को थैले भी बांट रहा है। यदि किसी भी कांवरियों को सामान रखने की आवश्यकता है तो वह कपड़े के बने थैलों को इस्तेमाल में ला सकते हैं। कपड़े के थैले पर नगर निगम लिखा हुआ है। नगर निगम का यह अभियान जोरों पर चल रहा हैं।