शहर के पांचो जोन में नगर निगम बनाएगा वेस्ट टू वंडर पार्क

-तेज होगी रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकिल अभियान की रफ्तार
-पार्कों को सुसज्जित करने में वेस्ट चीजों का होगा उपयोग, जन-जन की बढ़ेगी रुचि: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर निगम हर दिन बेहतर कार्य कर रहा है। अमूमन नागरिक अपने घर के वेस्ट मटेरियल फेंक देते हैं, लेकिन गाजियाबाद नगर निगम ने वेस्ट मटेरियल से खूबसूरत चीजें बना कर मिसाल पेश कर रहा है। जो सामान लोग अनुपयोगी समझ कर कबाड़ में फेंक देते हैं, नगर निगम ने उन्हीं कबाड़ की चीजों से शहर के सौंदर्यीकरण का जिम्मा उठाया है। इसके तहत कबाड़ वस्तुओं से तरह तरह की आकृतियां बनाने का काम शुरू किया गया है। जिनके इस्तेमाल से पार्क का सौंदर्यीकरण भी बढ रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा शहर में वेस्ट टू वंडर पार्क बनाने के लिए जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य एवं उद्यान विभाग के साथ शहर में अधिक से अधिक वेस्ट टू वंडर पार्क बनाने की तैयारी चल रही है। सिटी जोन कंपनी बाग में वेस्ट टू वंडर पार्क बनाया गया, जिसमें खराब टायर, खराब बोतल अन्य वेस्ट से पार्क को सुसज्जित एवं सुव्यवस्थित बनाया गया। इसी प्रकार शहर के पांचो जोन में वेस्ट टू वंडर पार्क बनाने के लिए टीम को निर्देश दिए गए। जिसके लिए जन-जन को जागरूक करने के लिए भी कार्यवाही जोरों पर चल रही है।

उद्यान प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार को प्रथम चरण में शहर के पांचो जोन से एक-एक पार्क लेकर उसमें तैयारी करने की जिम्मेदारी दी गई। जोनल प्रभारी को भी अपने क्षेत्र में वेस्ट टू वंडर पार्क तैयार करने के लिए जन संपर्क स्थापित करने और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लेने के लिए निर्देश दिए गए। इस प्रकार की मुहिम न केवल कचरा निस्तारण करने के लिए सफल होगी। बल्कि ट्रिपल आर रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकिल की प्रतिक्रिया को भी बढ़ावा देगी। नगर आयुक्त ने योजना बनाते हुए 15 दिन के अंदर ऐसे पार्क जिनको वेस्ट टू वंडर पार्क के रूप में व्यवस्थित करना है चयनित करने के लिए कहा गया। एसबीएम टीम द्वारा भी विशेष कार्यवाही करते हुए ऐसे पार्कों को जन सहयोग से सुव्यवस्थित किया जाएगा। नगर निगम अलग-अलग तरीकों से कचरा निस्तारण के अभियानों को शहर हित में रफ्तार से धरातल पर ला रहा है।

नगर आयुक्त ने बताया कि वेस्ट टू वंडर पार्क से जहां घरेलू वेस्ट सामान का पार्क में उपयोग होगा और उसके उपयोग होने से वहां के क्षेत्र वासियों की रुचि भी बढ़ेगी। अपनी सहभागिता वेस्ट टू वंडर पार्क को सुसज्जित करने में आगे आएंगे। कई सामाजिक संस्थाएं एवं आरडब्ल्यूए पदाधिकारी भी एकजुट होकर वेस्ट टू वंडर पार्क जैसे अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। शहर के पांचो जोन में वेस्ट टू वंडर पार्क बनाए जाएंगे और इसी तर्ज पर अन्य पार्कों में भी ट्रिपल आर की मुहिम को जोड़ते हुए कचरा निस्तारण के साथ-साथ शहर की सुंदरता को भी बढ़ाया जाएगा। नगर निगम स्वच्छता के प्रति शहर वासियों को जागरूक कर रहा है। जिसमें बढ़-चढ़कर बच्चे, बूढ़े, जवान हर वर्ग प्रतिभाग कर रहा है।