शहर की सुंदरता और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए पौधे रोपित करना बेहद जरूरी: नगर आयुक्त

जन चौपाल में नगर आयुक्त ने समस्या सुन मौके पर किया निस्तारण

गाजियाबाद। शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं के निस्तारण के लिए नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ खुद जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों से उनके बीच जाकर समस्याओं का निस्तारण कर रहे है। इसके अलावा शहर की समस्याओं के निस्तारण के लिए नगर निगम में सप्ताह के हर मंगलवार को संभव जनसुनवाई समाधान का आयोजन किया जाता है। जिससे उनकी समस्या का निस्तारण किया जा सकें। रविवार को वार्ड संख्या 21 सीमांत विहार टंकी वाले पार्क में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने की।

नगर आयुक्त ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना, सीमांत विहार व अन्य क्षेत्रों के निवासियों द्वारा पार्कों की व्यवस्था को सुदृढ़ करने, वाटर हार्वेस्टिंग लगाने, तथा खेल के मैदान के लिए अपना विषय रखा। साथ ही नगर निगम द्वारा दी जा रही सुविधाओं के लिए धन्यवाद भी दिया। सीमांत विहार में मुख्य रूप से वीके जिंदल ने नगर निगम के कार्यों की प्रशंसा की। मौके पर मालियों तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम का स्वागत किया। इस दौरान उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी आदि अधिकारी मौजूद रहे।

शहर की स्वच्छता व सुंदरता बढ़ाने के लिए वृक्ष जरूरी
क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनने के बाद नगर आयुक्त ने क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। उसके बाद टंकी वाले पार्क में पौधारोपण का शुभारंभ किया गया। जिसके साथ-साथ अन्य उपस्थित जनों ने भी पौधे लगाए। पौधारोपण के लिए नगर आयुक्त ने क्षेत्रवासियों को उत्साहित किया। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने कहा कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए पौधे रोपित करना बहुत जरूरी है। पौधा लगाने के लिए साथ उसकी देखभाल भी करना है। तभी हम अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान दें सकें।

अक्सर लोग पौधा लगाने के बाद उसकी देखभाल नहीं करते है, जिस कारण कुछ दिन बाद वह पौधा सूख जाता है। साथ ही क्षेत्र में खेल के मैदान के लिए कार्यवाही करने के लिए क्षेत्रवासियों ने पत्र भी दिया। जन चौपाल के अंतर्गत नगर आयुक्त ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के लिए फीडबैक देने के लिए भी अपील की। वहीं उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने भी शहर की हरियाली बढ़ाने में लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि निगम के कर्मचारी शहर की सौंदर्यता बढ़ाने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे है। आप सब भी संकल्प ले कि हर व्यक्ति पौधा रोपित करेगा और उसकी देखभाल भी करेगा। प्रयास करें पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। आने वाले कल को सुरक्षित रखने के लिए पौधारोपण बहुत जरूरी है।