कौशांबी में आवारा पशु बन रहे हादसों का कारण, पार्षद ने नगर आयुक्त को लिखा पत्र

गाजियाबाद। कौशांबी में इन दिनों आवारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। क्षेत्र के मुख्य चौराहों, गलियों, बाजारों में ये आवारा पशु घूमते रहते हैं। जिसके चलते बाजारों में खरीदारी करने आए ग्राहक व वाहन चालक काफी परेशान हैं। इसके अलावा क्षेत्र के लोग भी आवारा पशुओं से काफी दुखी हैं। कौशांबी कॉलोनी गाजियाबाद की पॉश कॉलोनी है, यहां गु्रप हाउसिंग सोसायटी और कोठी एरिया आता है। समाज के नामचीन लोग यहां निवास करते हैं। मगर कुछ दिनों से आवारा पशुओं के कारण यहां की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।

क्षेत्र में बढ़ते आवारा पशुओं के समाधान के लिए रविवार को वार्ड-72 पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने नगर आयुक्त को पत्र लिखते हुए समस्या के निस्तारण की मांग की। पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने बताया कि जगह-जगह आवारा पशुओं का झुंड घूमता हुआ या बैठा हुआ हुआ रहता है और जो गोबर है, सड़कों पर बिखरा हुआ रतहा है। जिस कारण आए दिन दुर्घटना भी होती रहती हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भी बार-बार अधिकारियों को चेतावनी दी जाती है कि कहीं पर कोई आवारा पशु खुला ना घूमे।

मगर मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी समस्याओं का निस्तारण नही हो रहा है। सड़कों पर आवारा पशुओं की सख्यां बढ़ रही है। अगर इन्हें समय से गौशाला में नही छोड़ा गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। एक ओर जहां ये आवारा पशु आवागमन में दिक्कत बने हैं वहीं हादसों को न्यौता भी दे रहे हैं। दुपहिया वाहन चालक एवं बाजारों में विशेषकर बच्चे इन पशुओं का शिकार हो रहे हैं। जिसकी कोई लिखा पढ़ी स्थानीय पुलिस चौकी या थाना में नहीं मिलती है।