किसानों पर पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

हरियाणा में सीएम के कार्यक्रम का विरोध

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हरियाणा के करनाम में रविवार को पुलिस और किसान आमने-सामने आ गए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के प्रस्तावित कार्यक्रम में खलल डालने की कोशिश कर रहे किसानों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। इसके चलते काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। किसी के भी घायल होने की खबर नहीं मिली है। इस बीच कैमला गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कैमला गांव में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर किसान पंचायत के जरिए किसानों के साथ सीधा संवाद करेंगे। इससे पहले किसान वहां प्रदर्शन की तैयारी में थे। बड़ी संख्या में किसानों ने कैमला गांव में प्रवेश करने का प्रयास किया। ऐसे में पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले दागने शुरू कर दिए। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। बता दें कि विभिन्न किसान संगठन नए कृषि कानूनों का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। किसानों द्वारा हरियाणा में भाजपा और जेजपी नेताओं का विरोध भी निरंतर किया जा रहा है। नाराज किसानों ने मुख्यमंत्री की एंट्री बैन के पोस्टर भी कई गांवों में लगा दिए गए हैं। इस बीच करनाल के कैमला गांव में मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कार्यक्रम है। वहां भाजपा द्वारा किसान महापंचायत आयोजित की जा रही है। किसानों ने सीएम का कार्यक्रम रद्द कराने की जिद पकड़ ली है। किसानों का कहना है मुख्यमंत्री का कार्यक्रम नहीं होने देंगे। उधर, दिल्ली में भी किसानों का आंदोलन जारी है। सरकार के साथ किसान प्रतिनिधियों की 8 दौर की वार्ता के बावजूद समाधान नहीं निक पाया है। किानों का साफ कहना है कि जब तक तीनों कृषि कानून वापस नहीं ले लिए जाते हैं, वह घर नहीं लौटेंगे। ऐसे में सरकार की मुश्किलें भी बढ़ रही हैं।