हाउस टैक्स में वृद्धि का प्रस्ताव कल हो सकता है निरस्त 4.65 लाख टैक्स दाताओं को मिलेगी राहत

गाजियाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में कल डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स में बढ़ोतरी करने संबंधी प्रस्ताव खारिज हो सकता है। अगर प्रस्ताव निरस्त होता है तो शहर के लगभग 4.65 लाख टैक्सदाताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद हैं। इस प्रस्ताव पर कार्यकारिणी सदस्यों के बीच चर्चा कराई जाएगी। महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक एवं कार्यकारिणी सदस्यों की मौजूदगी में आज गुरूवार को नगर निगम कार्यकारिणी बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी।नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में सबसे अहम प्रस्ताव डीएम सर्किल के आधार पर हाउस टैक्स की दर का निर्धारण कर इसे एक अपै्रल-2024 से लागू करने संबंधी प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके लिए वित्तीय वर्ष-2024-25 का पूरक बजट का प्रस्ताव रखा जाएगा। महापौर ने कार्यकारिणी बैठक की पहले ही तारीख प्रस्तावित कर दी थी। गुरूवार आज होने वाली कार्यकारिणी बैठक में पार्षद सदस्यों ने संपत्ति कर की नई दरों का विरोध किया तो इस प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। वहां सदन की बैठक में भी यदि संपत्ति कर की नई दरों का पार्षदों द्वारा विरोध किया जाता है तो करदाताओं की जेब पर एक अप्रैल 2024 से संपत्ति कर का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

खुद महापौर के साथ ज्यादातर पार्षद भी डीएम सर्किल रेट के आधार पर संपत्ति कर लागू करने के फैसले के विरोध में हैं।महापौर सुनीता दयाल का कहना है कि सदन की पूर्व की बैठक में प्रत्येक साल हाउस टैक्स में पांच फीसदी वृद्धि करने संबंधी प्रस्ताव पहले से ही पास है। ऐसे में मेरा मानना है कि डीएम सर्किल रेट के आधार पर संपत्ति कर की नई दरें लागू नहीं होनी चाहिए।नगर निगम के अधिकारी पहले संपत्ति कर जिन पर बकाया है,उसकी वसूली करें। इसके अलावा जिन भवनों पर संपत्ति कर नहीं लगा है, उन्हें चिन्हित कर संपत्ति कर लागाया जाना चाहिए। इससे निगम की आय स्वयं ही बढ़ जाएगी। निगम कार्यकारिणी की बैठक में जो भी प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। उन पर चर्चा के बाद कार्यकारिणी में जो निर्णय होगा, उसे बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। कार्यकारिणी बैठक में वित्तीय वर्ष-2024-25 का लगभग 1300 करोड़ रुपए का बजट पेश किया जाएगा। इस पर चर्चा होगी। इसके अलावा कार्यकारिणी बैठक में शहर के अंदर संचालित वाहन पार्किंग शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इसमें पहले से निर्धारित पार्किंग शुल्क लगभग दोगुना करने और वाहनों की पार्किंग का समय भी कम करने का प्रस्ताव है।

निगम कार्यकारिणी और बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिली तो शहर में पार्किंग शुल्क बढ़ाया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने कार्यकारिणी की बैठक को लेकर इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है। बैठक में कुल 16 प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। जिसमें पहला प्रस्ताव अयोध्या में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के समारोह का सफल आयोजन किए जाने पर शासन को धन्यवाद करने का होगा।इसके अलावा शहर में यूजर चार्ज एकत्र करने के विषय पर गठित समिति की रिपोर्ट का क्रियान्वयन,अवैध डेरी संचालन,पशुपालन, अपशिष्ट का निस्तारण न करने संबंधी चर्चा एवं निर्णय,बकाया संपत्ति कर जमा करने वालों के लिए छूट देने का प्रस्ताव। रिवर हाइट सोसायटी के सामने गोल चक्कर का नाम देवी अहिल्याबाई होल्कर चौक रखने का प्रस्ताव।आशियाना पालम कोर्ट सोसायटी के चौराहे का नाम परशुराम चौक करने का प्रस्ताव। वैशाली सेक्टर-4स्थित पार्क में बलिदानी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव।

दुकानदारों को नहीं मिल सकेगी राहत:
शहर में नगर निगम की 1,702 दुकानों का किराया वृद्धि किए जाने के मामले में दुकानदारों एवं व्यापारियों के लगातार चल रहे विरोध और धरना-प्रदर्शन के बाद भी राहत मिलना मुश्किल हैं। वह नगर निगम को अपना फैसला वापस लेने की मांग कर रहे है।दुकानों का किराया बढ़ोतरी के संबंध में कार्यकारिणी बैठक में इसका प्रस्ताव पेश नहीं होगा। ऐसे में दुकानदारों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। हालांकि केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी दुकानों का किराया बढ़ोतरी न किए जाने संबंधी पत्र भेजकर अनुरोध किया है।लेकिन कार्यकारिणी में इसका प्रस्ताव नहीं रखे जाने से दुकानों का किराया बढऩा संभव दिख रहा हैं।