आत्मनिर्भर भारत से रक्षा क्षेत्र को मजबूती : मोदी

पीएम ने रक्षा मंत्रालय के वेबिनार को संबोधित किया

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत से देश के रक्षा क्षेत्र को मजबूती मिली है। भारत के जरिए हथियारों के निर्यात को बढ़ावा मिला है। वर्तमान में 40 से ज्यादा देशों को हथियारों का निर्यात हो रहा है। यह बदलते भारत की बेहतर तस्वीर है। प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित वेबिनार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आम बजट के बाद भारत सरकार विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों के साथ चर्चा कर रही है। चर्चा के जरिए बजट का उपयोग और बजट के लिए साथ मिलकर कैसे रोडमैप तैयार हो, इस पर विचार-विमर्श हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रक्षा मंत्रालय के वेबीनार में प्रतिभागी सभी साझेदारों व स्टैक होल्डर्स के साथ आज चर्चा का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में दुनिया के सबसे बड़े आयातकों में से एक है। कोरोना वायरस के शुरू होने पर भारत एक भी वेंटिलेटर का उत्पादन नहीं कर रहा था, मगर आज हम काफी संख्या में वेंटिलेटर का उत्पादन करते हैं। भारत के पास अपने उत्पाद बनाने के लिए पर्याप्त प्रतिभा है। भारत ने डिफेंस से जुड़े ऐसे 100 महत्वपूर्ण डिफेंस आइटम की सूची तैयार की है, जिन्हें हम अपनी स्थानीय इंडस्ट्री की सहायता से मैन्यूफैक्चर कर सकते हैं। इसके लिए टाइम लाइन इसलिए रखी गई है ताकि हमारी इंडस्ट्री इन आवश्यकताओं को पूरा करने का सामथ्र्य प्राप्त करने हेतु प्लान कर सके। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकारी भाषा में यह नकारात्मक सूची है, मगर आत्मनिर्भरता की भाषा में यह सकारात्मक सूची है। यह वह सकारात्मक सूची है, जिसके दम पर भारत की अपनी मैन्युफेक्चरिंग क्षमता में वृद्धि होने वाली है। यह वह सकारात्मक सूची है, जो भारत में रोजगार निर्माण का काम करे। यह वह सकारात्मक सूची है, जो अपनी रक्षा जरूरतों हेतु हमारी विदेशों पर निर्भरता को कम करने वाली है।