-स्वतंत्रता दिवस को लेकर आबकारी विभाग हुआ सतर्क अवैध शराब समेत दो तस्कर गिरफ्तार
गौतमबुद्ध नगर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में चलाए जा रहे जा रहे अवैध शराब के खिलाफ अभियान तहत आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्कर स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में बंद दुकानों का फायदा उठाकर शराब तस्करी की जुगत में थे। जिन्होंने एक दिन पहले ही शराब की दुकान से शराब की पेटी खरीदकर स्टॉक कर लिया था। जिससे स्वतंत्रता दिवस के दिन उक्त शराब को बेचकर दो से तीन गुना मुनाफा कमा सकें। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मंगलवार को (ड्राई डे) है। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त गौतमबुद्ध नगर के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी गौतमबुद्ध नगर के नेतृत्व में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए जिले में प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब को लेकर आबकारी विभाग की टीम लगातार छापेमारी एवं दबिश दे रही है। साथ ही ड्राई डे के दिन बंद दुकानों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। जिससे कहीं भी अवैध रुप से शराब की तस्करी न हो सकें। सोमवार रात को आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय की टीम द्वारा संदिग्ध स्थलों पर दबिश/रोड चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान रेलवे फाटक पुल दादरी के पास से शराब तस्करी कर रहे धर्म सिंह पुत्र महिपाल सिंह निवासी पचौता बुलंदशहर को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से 40 पव्वे देशी शराब मिस इंडिया यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकान से शराब की पेटी लेकर बुलंदशहर में तस्करी के लिए लेकर जा रहा है।
उक्त शराब को वह बुलंदशहर में स्वतंत्रता दिवस के दिन दो से तीन गुने महंगे दामों में बेचने के लिए खरीदी थी। जिसे रोड़ चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं हल्द्वानी मोड़ के पास से धीरपाल पुत्र शिवदत्त निवासी मुसाजाग जनपद बदायूं को 43 पौवे ट्विन टावर देशी शराब यूपी मार्का के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया ड्राई डे के चलते शराब तस्करी की आशंका ज्यादा रहती है। बाहरी राज्यों से शराब तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार चेकिंग एवं दबिश दे रही है। जिस कारण तस्कर अब लाइसेंसी शराब की दुकान से शराब खरीद उसे महंगे दामों में बेचने की फिराक में रहते है। शराब की बंद दुकानों का भी टीम द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है।
















