-केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और डॉ. अनिल अग्रवाल ने किया उद्घाटन
उदय भूमि
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से अमृतकाल के अंतर्गत गाजियाबाद में पांचवीं बार भव्य मेगा एग्जीबिशन राइज इन इंडिया 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ गुरुवार को एचआरआईटी यूनिवर्सिटी, मेरठ रोड में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एचआरआईटी यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. अनिल अग्रवाल द्वारा किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में डीआरडीओ, इसरो, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया, सीएसआईआर, आईसीएमआर, एनएफएल, बीआईएस, एनटीपीसी, यूपीईडा, एलिम्को, टी बोर्ड, कृभको, सेंट्रल सिल्क बोर्ड, आयुष मंत्रालय, टूरिज्म मंत्रालय, जेम, सिपेट और डिपार्टमेंट ऑफ एटॉमिक एनर्जी जैसे लगभग 60 प्रतिष्ठित संस्थान अपनी उपलब्धियों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में गाजियाबाद के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के हजारों विद्यार्थी भाग लेकर विभिन्न संस्थानों की नवीनतम तकनीकों और उपलब्धियों से परिचित होंगे। सभी नागरिकों के लिए यह प्रदर्शनी निशुल्क खुली है।
प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की धर्मपत्नी नीता सेठ, पूर्व सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल की धर्मपत्नी दीपांजलि अग्रवाल, एचआरआईटी यूनिवर्सिटी की प्रो चांसलर अंजुल अग्रवाल, डीपीएस एचआरआईटी डायरेक्टर वैशाली अग्रवाल, वाइस चांसलर डी के शर्मा सहित विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षाविद, वैज्ञानिक और समाजसेवी उपस्थित रहे। इस दौरान डॉ. अनिल त्यागी, डॉ. आयु जैन, डॉ. अजय कुमार मिश्रा, डॉ. एम के जैन, डॉ. नवनीत शर्मा, डॉ. निर्दोष अग्रवाल, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, वरुण त्यागी, डॉ. लल्लन त्रिपाठी, डॉ. सी एन सिन्हा, डॉ. अलका बंसल, राजकुमार तेवतिया, डॉ. एकलव्य, डॉ. आशीष कुमार, मास्टर अमरदत्त शर्मा, विजय मोहन, देवेंद्र हितकारी, वीके अग्रवाल, बीके शर्मा हनुमान, नितिन गोयल, संजय तिवारी, विवेक प्रकाश गर्ग और भारतीय खाद्य निगम के सदस्य एवं पूर्व सांसद मीडिया सलाहकार राहुल गोयल भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
विज्ञान, रक्षा और नवाचार का अनूठा संगम
प्रदर्शनी में इसरो, डीआरडीओ, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया और डिपार्टमेंट ऑफ एटॉमिक एनर्जी द्वारा बीते वर्षों में वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धियों का भव्य प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर इन संस्थानों के वैज्ञानिक भी मौजूद रहे, जिन्होंने दर्शकों को भारत की तकनीकी प्रगति और अनुसंधान कार्यों के बारे में जानकारी दी।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रदर्शनी के प्रत्येक स्टाल पर जाकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उपस्थित वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छात्रों और आगंतुकों को संबोधित करते हुए कहा भारत आज आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत पर काम करते हुए देश के हर नागरिक तक सरकारी योजनाएं पारदर्शिता के साथ पहुंच रही हैं। राइज इन इंडिया प्रदर्शनी के माध्यम से यह दिखाने का प्रयास किया जा रहा है कि भारत कैसे विज्ञान, रक्षा, कृषि और नवाचार में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा आज भारत एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है। हमारे देश में जितने लोगों ने कुंभ स्नान किया, उतनी तो कुछ देशों की कुल जनसंख्या भी नहीं है। यह भारत के बढ़ते प्रभाव और सांस्कृतिक धरोहर का प्रमाण है। ‘राइज इन इंडिया’ प्रदर्शनी देश के युवाओं को आत्मनिर्भर भारत अभियान से जोडऩे का बेहतरीन माध्यम है।
पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एचआरआईटी यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. अनिल अग्रवाल ने कहा आज संपूर्ण विश्व भारत की ओर देख रहा है और यह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन से संभव हुआ है। प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत विज़न ने देश को हर क्षेत्र में सशक्त किया है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य भारत की प्रगति को जन-जन तक पहुँचाना और युवाओं को प्रेरित करना है। उन्होंने कहा आज भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। चाहे वह विज्ञान हो, रक्षा हो, कृषि हो या अंतरिक्ष अनुसंधान, हर जगह भारतीय संस्थान नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। इस प्रदर्शनी से गाजियाबाद के छात्रों और युवाओं को अत्यंत लाभ मिलेगा, क्योंकि यह उन्हें देश के अग्रणी संस्थानों और उनकी उपलब्धियों से परिचित कराएगी।
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
राइज इन इंडिया 2025 प्रदर्शनी गाजियाबाद के युवाओं और छात्रों के लिए एक अनूठा अवसर है, जहां वे देश के शीर्ष वैज्ञानिक संस्थानों की उपलब्धियों को देख सकते हैं और उनके विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। प्रदर्शनी 22 फरवरी तक चलेगी और सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए निशुल्क प्रवेश दिया गया है।
राइज इन इंडिया 2025 प्रदर्शनी
राइज इन इंडिया 2025 प्रदर्शनी भारत की वैज्ञानिक, तकनीकी और औद्योगिक प्रगति का शानदार उदाहरण है। यह न केवल देश की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का मंच है, बल्कि युवाओं को प्रेरित करने का भी एक बेहतरीन अवसर है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से गाजियाबाद के छात्र और नागरिक भारत की प्रगति की झलक देख पाएंगे और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे।





















