BJP नेताओं को त्यागी समाज के लोगों ने बंधक बनाया गाजियाबाद के मानसरोवर भवन में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे भाजपाई हंगामे के बाद मानसरोवर भवन की गेट पर जड़ा ताला

-कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने वीडियो जारी कर त्यागी समाज से मांगी माफी
-शिक्षक की भूमिका में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी के साथ निर्वहन करें सदस्य: भूपेंद्र चौधरी

गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष, पंचायत सदस्यों, ब्लॉक प्रमुख एवं ग्राम प्रधानों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में पहले दिन शनिवार को त्यागी समाज के लोगों ने कैलाश मानसरोवर भवन के गेट पर ताला जड़कर बाहर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह द्वारा पिछले दिनों मुजफ्फरनगर जनपद के शुक्रताल में त्यागी समाज पर अभ्रद टिप्पणी कर दी थी। इसके विरोध में शनिवार को इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन में भाजपा के आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का विरोध करते हुए भवन के बाहर त्यागी समाज के दर्जनभर से अधिक लोग धरने पर बैठ गए। उन्होंने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए माफी मांगने की मांग की। इनके विरोध के चलते धरना स्थल पर ही प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप भी उन्हें समझाने के लिए पहुंचे। काफी देर तक विरोध प्रदर्शन के चलते त्यागी समाज के लोगों ने मंत्री से माफी मांगने की मांग की। राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप व विधायक अजितपाल त्यागी के अथक प्रयास के बाद कुछ देर हंगामा करने के बाद आश्वासन मिलने पर वह वापिस लौट गए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसीपी ट्रांस हिंडन शुभम पटेल समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रहीं। ताकि माहौल न बिगड़ने पाए।

जिला पंचायत के सदस्य जनता से सीधा जुड़ाव व संवाद करें स्थापित:
इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्य जनता से सीधे जुड़ाव और संवाद स्थापित करें। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्षों और सदस्यों की कार्य क्षमता को और अधिक मजबूत करने के लिए भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों के प्रशिक्षण के लिए दो दिवसीय शिविर का आयोजन किया है। शनिवार को पहले दिन प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर उद्घाटन किया। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से आए हुए जिला पंचायत के सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने एक शिक्षक की भूमिका में सभी सदस्यों को जिला पंचायत से जुड़े सभी कामों को समझाते हुए जनता से सीधा संवाद और जुड़ाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायतों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर कहा कि पंचायतों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था से महिलाएं राजनीतिक रूप से भी सशक्त हुई हैं। उनके निर्णय लेने की क्षमता का भी विकास हुआ है। इससे पंचायती राज में महिलाओं की भूमिका और भागीदारी बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और कामों से मुंह ना मोड़े बल्कि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अधिकारियों के समक्ष रखते हुए हल कराएं। लोगों के बीच रहकर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और उनके लाभों को जनता को बता कर नए लोगों को जोड़कर ही आगे बढऩा ही हमारा संकल्प है। प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी सुभाष यदुवंशी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी,महापौर सुनीता दयाल, राज्यसभा सांसद डॉ.अनिल अग्रवाल विधायक सुनील शर्मा,विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक अतुल गर्ग आदि उपस्थित रहे। भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने मंच संचालन किया। इस दौरान निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने सभी मंचासीन पदाधिकारियों का पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया।प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे एवं तीसरे सत्र को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी सुभाष यदुवंशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक डॉ. महेंद्र सिंह ने संबोधित किया।