ठेकेदार की हत्या में फरार 50 हजार इनामी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

गाजियाबाद। मुरादनगर में आंतक का प्रर्याय बना दो हत्या मामले में फरार चल रहे 50 हजार इनामी कुख्यात बदमाश को मुरादनगर पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। पुलिस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुख्यात बदमाश की पुलिस को तलाश थी। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस पिछले कुछ समय से लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस आयुक्त अजय मिश्रा ने बताया शुक्रवार शाम मुखबिर से गंगनहर के पास से 50 हजार का इनामी बदमाश विशाल चौधरी उर्फ मोनूू के गुजरने की सूचना मिली थी। वह भागने की फिराक में है। इस सूचना पर तत्काल डीसीपी ग्रामीण रवि कुमार, एसीपी मुरादनगर सुजीत राय और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी करते हुए उसको घेर लिया। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम का गठन किया गया। तभी बाइक पर आ रहे बदमाश को पुलिस की टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख आरोपी भागने लगा। पुलिस की टीम ने पीछा किया तो फायरिंग कर दी। जिसमें हाथ में गोली लगने से दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। खुद को पुलिस से घिरा हुआ पाए जाने पर उसने फिर पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी फायर किए।

आत्मसुरक्षा में पुलिस ने फायरिंग की तो विशाल चौधरी उर्फ मोनू पुत्र दीपक निवासी उखलारसी के गोली लग गई। अस्पताल में भर्ती कराया गया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में गाजियाबाद पुलिस ने लखनऊ पुलिस अधिकारियों को मुठभेड़ की सूचना दी। जिसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मोनू के ढेर होने की पुष्टि की है। जिसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक व तंमचा बरामद किया गया। मोनू चौधरी पिछले दो महीनों में हुई व्यापारी मुकेश गोयल व ठेकेदार नवीन भारद्वाज की हत्या में शामिल था। पुलिस बदमाश की 15 दिन से तलाश कर रही थी। जिसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगेस्टर समेत कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में गाजियाबाद पुलिस ने उसके गिरोह के सदस्यों की गैंगस्टर एक्ट के तहत 29 करोड़ रुपये की संपत्ति भी कुर्क की थी।