अनिल त्यागी बने एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, शासन ने 5 इंजीनियरों का किया प्रमोशन

उदय भूमि ब्यूरो
लखनऊ / गाजियाबाद।
गाजियाबाद नगर निगम में तैनात इंजीनियर अनिल त्यागी का शासन ने प्रमोशन किया है। प्रोन्नत होकर वह असिस्टेंट इंजीनियर (सहायक अभियंता) से एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (अधिशासी अभियंता) बन गए हैं। अनिल त्यागी के प्रमोशन पर चीफ इंजीनियर एनके चौधरी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है। अनिल त्यागी की गिनती गाजियाबाद नगर निगम के अच्छे अधिकारियों में होती है। वह कार्य के प्रति बेहद सजग व निष्ठावान रहते हैं। अनिल त्यागी के प्रमोशन पर लखनऊ में विभागीय प्रोन्नति समिति की बैठक में सप्ताहभर पहले मुहर लगा दी गई थी। 25 अगस्त को उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष सचिव संजय कुमार सिंह के आदेश पर उप-सचिव बिजेंद्र सिंह ने प्रमोशन का पत्र जारी किया। अनिल त्यागी के अलावा प्रदेश सरकार ने 4 और इंजीनियरों का प्रमोशन किया है।

उप्र शासन ने इंजीनियर प्रमोद कुमार श्रीवास्तव (लखनऊ विकास प्राधिकरण), सतीश कुमार (नगर निगम प्रयागराज), राम किशोर सिंह (नगर निगम कानपुर) और अतुल कुमार पांडेय (नगर निगम फिरोजाबाद) का भी प्रमोशन किया है। सभी को सहायक अभियंता से अधिशासी अभियंता बनाया गया है। यह चारों इंजीनियर भी काफी समय से प्रमोशन के इंतजार में थे। अच्छे अधिकारियों को प्रमोट करने में योगी सरकार पीछे नहीं है। एक साथ 5 इंजीनियरों की प्रोन्नति से इंजीनियर वर्ग में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रमोशन से उत्सहित इंजीनियर और ऊर्जा के साथ काम करने को तैयार हैं।

अनिल त्यागी 1983 में नगर निकास सेवा में आए थे। इसके बाद वह अलग-अलग जनपदों में विभिन्न पदों पर रहे। 5 साल तक वह आगरा विकास प्राधिकरण में भी तैनात रहे। गाजियाबाद के अलावा मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, मुरादाबाद सहित अन्य जिलों के नगर निगम एवं नगर पालिका में उन्होंने अपनी सेवाएं दी। अनिल त्यागी अगले साल सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इनका अब तक का कार्यकाल बेहद अच्छा और निर्विवाद रहा है। अनिल त्यागी के प्रमोशन की जानकारी मिलने पर नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों सहित अन्य शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। साथ ही बुके देकर उनका स्वागत किया। बधाई देने वालों में चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर देशराज सिंह, असिस्टेंट इंजीनियर देवी सिंह, श्याम सिंह, एसके रॉयल, जूनियर इंजीनियर संजय कुमार गंगवार, योगेश कुमार, कपिल सिंह, गणेशी लाल, पूजा सिंह, उद्यान विभाग में तैनात इंजीनियर दिनेश शर्मा आदि शामिल हैं।