बेसिक शिक्षा सरकार की प्राथमिकता शिक्षा में सुधार: दिनेश शर्मा

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने किया शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन

लखनऊ/गाजियाबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा चौधरी चरण सिंह सभागार सिंचाई भवन लखनऊ में शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। शिक्षक संघ के प्रान्तीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज त्यागी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता रामपाल सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, अति विशिष्ट अतिथि सतीश शर्मा राज्यमंत्री खाद्य एवं रसद यूपी सरकार एवं सुशील कुमार पाण्डेय प्रदेश अध्यक्ष प्रा0शि0संघ यूपी ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में प्रान्तीय पदाधिकारी, मांडलिक मंत्री जिलाध्यक्ष एवं जिला मंत्रियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि को माला एवं शाल पहनाकर तथा प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने शिक्षकों द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा सरकार की प्राथमिकता पर है आज शिक्षक शिक्षा में सुधार के लिए नित्य नये नवाचारों का प्रयोग कर रहे हैं। सतीश शर्मा ने कहा कि बेसिक शिक्षा सम्पूर्ण शिक्षा का आधार है आज शिक्षक पर सामाजिक तथा राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। जिसका शिक्षक आज पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वाह कर रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल सिंह ने कहा कि कोविड के कारण पिछले 2 वर्षो में विद्यालय काफी समय बन्द रहे जिसके कारण शिक्षण कार्य काफी प्रभावित हुआ, इसलिए

अब बच्चों को मुख्य धारा से जोडऩे के लिए शिक्षकों की जिम्मेदारी और भी ज्यादा बढ़ जाती है। प्रान्तीय अध्यक्ष सुशील कुमार पाण्डेय ने कहा कि कोविड के कारण पिछले 2 वर्षो में शिक्षण कार्य प्रभावित हुआ है। बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार एवं शिक्षक समस्याओं पर परिचर्चा हेतु शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने निजी संसाधनों का प्रयोग करके न केवल भौतिक स्तर में सुधार कर रहे है। बल्कि शिक्षा में भी सुधार के लिए नित नये नवाचारों का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों की बहुउपयोगी मांग कैशलेश चिकित्सा सुविधा को अपने 100 दिनों की कार्ययोजना में सम्मिलित करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा शिक्षक समस्याओं के निवारण के लिए एक मांग पत्र पूर्व उपमुख्यमंत्री को सौंपा।

जिनमे मुख्यत: मांग पुरानी पेंशन बहाल हो, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय, सहायक अध्यापक पू0मा0वि0 को न्यूनतम वेतनमान 17140 तथा प्रधानाध्यापक पू0मा0वि0 को न्यूनतम वेतनमान 18150 दिया जाये, मृतक आश्रित शिक्षक/शिक्षिकाओं के पाल्यों को योग्यता के आधार पर शिक्षक एवं लिपिक पद पर नियुक्ति दी जाये, शिक्षकों की बीमा राशि 10 लाख रूपये की जाय, संविलियन के आधार पर परिषदीय विद्यालयों में समाप्त हो रहे प्रधानाध्यापक के पद सम्बन्धी आदेश को प्रतिबन्धित किया जाये, परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति हेतु आदेश निर्गत किये जाये, परिषदीय शिक्षकों को गैर शैक्षणिक के कायों से मुक्त किया जाये, प्रदेश के शिक्षकों का आकांक्षी जनपदों से अन्तर्जनपदीय स्थानान्तरण/ जनपद के अन्दर स्थानान्तरण प्रक्रिया अतिशीघ्र प्रारम्भ की जाय। इस मोके पर उमाशंकर महामंत्री, आलोक मिश्रा सयुक्त महामंत्री, ठाकुर दास यादव कोषाध्यक्ष, नरेश कौशिक प्रान्तीय ऑडिटर आदि उपस्थित रहे। मंच का संचालन प्रान्तीय उपाध्याय डॉ अनुज त्यागी ने किया।