भाजपा पार्षद ने किया मतदान केंद्र का निरीक्षण, बीएलओ नही मिलने पर की शिकायत

गाजियाबाद। वार्ड नम्बर 72 कौशाम्बी स्थित मतदान केंद्र पर गाजियाबाद लोकसभा मतदाता सूची को अपडेट करते हुए बीएलओ कर्मियों के कार्यों का क्षेत्रीय भाजपा पार्षद मनोज गोयल ने निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने अनुपस्थित बीएलओ की शिकायत अधिकारियों से की। उन्होंने कहा कि लोकसभा का एक भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसलिए सबका नाम मतदाता सूची में शामिल करके अपडेट कीजिए। उन्होंने आवेदनकर्ताओं को भी बीएलओ को सहयोग करने को कहा। उन्होंने बताया एक तरफ शासन और प्रशासन मतदाता सूची को लेकर बेहद गंभीर है। वहीं इस कार्य में लगे कुछ बीएलओ अपने कार्यों को ईमानदारी से निर्वहन नही कर रहे है। बीएलओ के इस कार्य से क्षेत्र के कितने लोग मतदान से वंचित रह जाएंगे। उन्होंने कहा कार्य में इस तरह की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दास्त नही की जाएगी। प्रशासन ने जिसे जिम्मेदारी से आपको यह काम दिया है, उसका पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ निर्वहन करें। इस मौके पर अवधेश कटियार, श्याम सुंदर सिंह आदि उपस्थित रहे।