अपराध नियंत्रण और अपराधियों से निपटने की कला में माहिर डॉ. ईरज राजा

गाजियाबाद। शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में पुलिस की अहम भूमिका होती है। अपराधियों से निपटने और अपराध नियंत्रण के लिए 24 घंटे काम करना पड़ता है। मातहतों को यदि उचित दिशा-निर्देश मिलते रहें तो वह ज्यादा बेहतर तरीके से काम कर पाते हैं। इसके लिए नेतृत्वकर्ता में भी गुण होने चाहिए। बात पुलिस अधीक्षक देहात डॉ. ईरज राजा की चल रही है। वह प्रत्येक मिशन को सफलतापूर्वक संपन्न करने में हमेशा प्रयासरत दिखाई देते हैं। पुलिस विभाग में अपनी अलग कार्यशैली के कारण वह हमेशा सुर्खियां बटोरते रहे हैं। विषम परिस्थितियों से निपटना उन्हें अच्छी तरह आता है। उनके काम की सराहना समय-समय पर लखनऊ तक से होती रही है। जनपद गाजियाबाद में काफी समय से डॉ. ईरज राजा एसपी देहात की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। शहरी क्षेत्र के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में अलग तरह की समस्याएं होती हैं। ग्रामीण क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण रखना बेहद जटिल काम होता है। इसके बावजूद डॉ. राजा के नेतृत्व में यह काम बखूवी चल रहा है। पिछले दिनों कांवड़ यात्रा एवं शिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया था।

कांवड़ यात्रा को सुचारू एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कई दिन पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। इस बीच एसपी देहात को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने इस जिम्मेदारी का बखूवी पालन कर कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने में हरसंभव सहयोग दिया। शांति एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वह मातहतों के अलावा जनता से संवाद करने में भी दिलचस्पी रखते हैं ताकि किसी भी समस्या को गंभीर होने से रोका जा सके। इसके अलावा देहात क्षेत्र में अपराधों का ग्राफ काफी नीचे आ चुका है। पुलिस और बदमाशों के बीच अक्सर मुठभेड़ हो रही हैं। पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। शातिर गिरोह की कुंडली खंगाल कर उन्हें ढूंढ़-ढूंढ कर दबोचा जा रहा है। यह सब एसपी देहात के नेतृत्व में चल रहा है। कुछ दिन पहले देहात क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों की फैक्ट्री भी पकड़ी थी। यह फैक्ट्री घने जंगल में संचालित हो रही थी। फैक्ट्री का पर्दाफाश होने से बड़ी वारदात को भी टालने में सफलता मिली है। कुछ दिन पहले डासना के उस्मानगढ़ी में छापामार कार्रवाई कर भारी संख्या में मादक पदार्थों की बरामदगी की गई थी। मौके से चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस अधीक्षक (देहात) डॉ. ईरज राजा का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखना प्राथमिकता में शुमार है। बदमाशों के खिलाफ निरंतर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसमें पुलिस फोर्स के अलावा जनता का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। उनका कहना है कि यदि मातहतों को सही दिशा-निर्देश मिलता रहे तो वह प्रभावी तरीके से काम कर अच्छा रिजल्ट दे सकते हैं।