दिल्ली के पास गाजियाबाद में छापे जा रहे थे नकली नोट, 3 गिरफ्तार

गाजियाबाद। दिल्ली से सटी ट्रोनिका सिटी में नकली नोट छापने के गैरकानूनी धंधे का पर्दाफाश हुआ है। वहां प्रिंटिंग प्रेस में चोरी-चुपके नकली नोट छापे जा रहे थे। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने छापा मारकर मौके से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 5 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। उधर, गाजियाबाद पुलिस ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है। गाजियाबाद में पहले भी नकली नोट के कारोबार का खुलासा हो चुका है। जानकारी के अनुसार दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने गत 19 मई को दिल्ली में एक व्यक्ति को पकड़ा था।

आरोपी के कब्जे से 500 रुपए के नकली नोट मिले थे। क्राइम ब्रांच की पूछताछ में आरोपी ने कबूला था कि उसे गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-5 से यह नोट मिले हैं। वहां प्रिंटिंग प्रेस में नकली नोट छापे जा रहे थे। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने 20 व 21 मई को निरंतर इस प्रिंटिंग प्रेस पर छापेमारी की। वहां से 2 और युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि एक इमारत के भीतर यह प्रिंटिंग प्रेस संचालित थी। वहां पर साधारण छपाई की तरह 500 रुपए के नकली नोट छापे जा रहे थे।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने छापेमारी के दौरान करीब 5 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। बरामद सभी नोट 500-500 रुपए के हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 2 हजार रुपए का नोट छापने के बाद उसे चलाने में काफी परेशानी होती है। कोई भी व्यक्ति 2 हजार के नोट की कई बार जांच करता है। जबकि 500 सौ का नोट आसानी से चल जाता है। अलबत्ता प्रिंटिंग प्रेस में सिर्फ 500-500 रुपए के नोट छापे जाते थे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान अजीम के रूप में हुई है। वह पहले भी नकली नोट के धंधे में जेल जा चुका है।