भाजपा के पूर्व पार्षद ने आत्मदाह की कोशिश की

निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाया कदम

गाजियाबाद। निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने से खफा भाजपा के पूर्व पार्षद ने शनिवार को आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। पूर्व पार्षद ने तहसील परिसर में आत्मदाह करने की कोशिश की। इस बीच मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें आत्मदाह करने से रोक लिया। बाद में पीड़ित को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस घटनाक्रम से तहसील परिसर में एकाएक अफरा-तफरी मच गई।

यह घटना जनपद गाजियाबाद की मोदीनगर तहसील में प्रकाश में आई है। जहां शनिवार को भाजपा के पूर्व पार्षद लोकेश डोढ़ी ने आत्मदाह करने की कोशिश कर हड़कंप मचा दिया। लोकेश की जान बचाने को पुलिस कर्मी हरकत में आ गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बताया गया है कि मोदीनगर में जल निगम द्वारा निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। आरोप है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी हो रही है। इस संबंध में नागरिकों की तरफ से संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।

पूर्व पार्षद लोकेश डोढ़ी ने भी जनता की परेशानी को देखकर इस मामले से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया था। सुनवाई न होने से तंग आकर उन्होंने आत्मदाह का प्रयास किया। उधर, भाजपा के पूर्व पार्षद द्वारा यह कदम उठाए जाने से सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार की पोल एक बार फिर खुल गई है। सत्ता में भाजपा के होने और उसी के दल के नेता की शिकायत को भी अधिकारियों द्वारा नजरअंदाज करना दुर्भाग्यपूर्ण है।