जनता दर्शन में राज्य मंत्री की बातों को सुनकर फरियादी हुए मुरीद

-जनता की शिकायतों में लापरवाही नही होगी बर्दास्त: नरेन्द्र कश्यप

गाजियाबाद। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कुमार कश्यप ने गुरुवार को अपने आवास पर जनता दर्शन एवं जनता की सेवा के लिए उपस्थित रहे। जहांं दूरदराज से आए हुए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। राज्य मंत्री को खुद अपने बीच में पाकर लोगों के अंदर समस्या के समाधान की उम्मीद भी जगी। लोगों ने कहा कि उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का जल्द ही निराकरण हो जाएगा। लगभग ढाई सौ लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं बताई। साथी ही एक दिव्यांग विधवा सेवा समिति का प्रतिनिधिमंडल जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए दिव्यांगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।

राज्य मंत्री ने सबकी फरियाद सुन अधिकारियों को पीडि़तों की समस्या के समाधान के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को फोन कर कहा कि आपके कार्यों से नागरिक संतुष्ट नही है, तभी लोग न्याय के लिए इतनी दूर से यहां आ रहे है। इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दास्त नही की जाएगी। लोगों की समस्या का समाधान समयानुसार गुणवत्तापूर्ण किया जाए। अगर किसी भी कार्य में किसी अधिकारी की लापरवाही मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनता हमारी सेवक नही है, हम जनता के सेवक है और हमारा भी कर्तव्य है कि उनकी शिकायतों का समाधान करना।

राज्य मंत्री की इन बातों को सुनकर मौजूदा पीडि़तों के मन में भी एक उम्मीद की किरण जागृत हो गई। समस्या लेकर आए पीडि़तों का कहना था कि भाजपा सरकार में जिस तरह से मंत्री और विधायक अपना काम ईमानदारी से कर रहे है। यह पूर्व की सरकार में संभव नही था। पूर्व कि सरकार में न तो अधिकारी हमारी सुनते थे और न ही नेता। राज्य मंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को बुलाकर दिव्यांगों की समस्या का तत्काल निराकरण किया। दूरदराज से आए हुए लोगों में नोएडा, मेरठ, बुलंदशहर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बड़ौत, बागपत, हापुड़ से आए हुए लोग उपस्थित रहे।