नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को दिया टारगेट : 40 दिन में लाओ 100 करोड़ नहीं तो ……

टैक्स वसूली बढ़ाने के लिए जोनल प्रभारियों को दिया टारगेट 31 मार्च तक 100 करोड़ रुपये वसूलने की बनाई कार्य योजना

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा 31 मार्च 2024 तक टैक्स वसूली को लेकर 100 करोड़ का टारगेट निर्धारित किया है। जिसके लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा टैक्स विभाग के अधिकारियों के साथ सोमवार को बैठक की गई। बैठक के दौरान समस्त जोनल प्रभारी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव, सभी जोन के टैक्स सुपरिंटेंडेंट मौजूद रहे। बैठक के दौरान नगर आयुक्त द्वारा टीम की प्रशंसा करते हुए आगामी योजना तैयार की गई।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा ने बताया नगर आयुक्त के नेतृत्व में पिछले वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष बेहतर वसूली की गई है। जिसकी प्रशंसा प्रमुख सचिव नगर विकास महोदय द्वारा भी की गई।

बैठक के दौरान शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य की पूर्ति के लिए नगर आयुक्त ने टीम को मोटिवेट किया। 31 मार्च तक कर वसूली को बढ़ाना है और 100 करोड़ से अधिक कर वसूली का लक्ष्य भी पूरा करना है। फरवरी माह के बचे हुए दिनों में उपस्थित सभी जोनल प्रभारी को अलग-अलग टारगेट भी दिया गया। वसुंधरा जोन को 5 करोड़, कवि नगर को 3 करोड़, सिटी जोन को 3 करोड़, मोहन नगर जोन को 3 करोड़ और विजयनगर जोन को एक करोड़ वसूली का टारगेट दिया गया। गृहकर वसूली के लिए अभियान चलता रहेगा। गृह कर नहीं जमा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाई जाएगी। इसलिए लोग बेहतर होगा कि खुद गृह कर जमा करें। जिन क्षेत्रों में भवनों पर टैक्स नहीं लगा है। उन भवनों पर शीघ्र टैक्स लगाकर वसूली करने की कार्रवाई कराए।

नगर आयुक्त ने बताया ऐसे क्षेत्र जहां टैक्स वसूली कम है, उन क्षेत्रों में टैक्स वसूली बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जाए। ऐसी संपत्तियों जिन पर पुराना टैक्स लगा हुआ है, उन पर मानक के अनुरूप रिव्यू करते हुए टैक्स लगाने के निर्देश दिए गए। बड़े बकायेदारों से टैक्स वसूलने के लिए कड़ी कार्यवाही के भी निर्देश दिए। नगर निगम शहर हित में लगातार टैक्स वसूली पर विशेष कार्यवाही कर रहा है। जिसकी प्रशंसा शासन स्तर से भी की गई है। शहर हित में बेहतर कार्य करने के लिए टैक्स वसूली में जनप्रतिनिधि भी भूमिका निभा रहे हैं। नगर आयुक्त द्वारा संसाधनों को बढ़ाने और आवश्यकता अनुसार पुलिस बल की व्यवस्था करने की निर्देश भी दिए गए।