राजीव शर्मा बने नगर निगम उपाध्यक्ष वार्डों मेें होंगे 50-50 लाख के विकास कार्य

कार्यकारिणी सदस्यों ने उठाया नेचर ग्रीन और कूड़ा का मुद्दा नगर स्वास्थ अधिकारी बोले जमीन दिलाएं रद्द कर देंगे नेचर ग्रीन का ठेका

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम की पहली कार्यकारिणी बैठक शुक्रवार को बड़ी ही सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। वरिष्ठ पार्षद राजीव शर्मा को गाजियाबाद नगर निगम का उपाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। बैठक में कूड़ा डंपिंग, सीवर, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाईट, सफाईकर्मी और पार्कों सहित विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। कार्यकारिणी सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों से जवाब मांगा और निगम अधिकारियों ने प्वाइंट टू प्वाइंट सभी बिंदुओं पर जवाब दिया। कार्यकारिणी बैठक के बाद मेयर ने कहा कि शहर का विकास और शहरवासियों की सुविधा के लिए सभी को मिलजुल कर कामों को प्राथमिकता के आधार पर करना होगा। नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में सुबह सवा 11 बजे मेयर सुनीता दयाल की अध्यक्षता एवं नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ की उपस्थिति में राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम के साथ कार्यकारिणी बैठक की शुरूआत हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट को कार्यकारिणी के समक्ष अवलोकनार्थ प्रस्तुत किया गया।

बैठक के दौरान सभी वार्डों में 50-50 लाख रुपए के विकास कार्य एवं जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ ही कई अन्य विकास कार्य कराये जाने का निर्णय लिया गया। सभी वार्डों में पार्कों के लिए 10-10 बैंच लगाए जाने संबंधी प्रस्ताव पर भी कार्यकारिणी ने मुहर लगाई। बैठक में अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह, जीएम जल आनंद त्रिपाठी, मुख्य नगर लेखा परीक्षक विवेक सिंह, लेखाधिकारी गीता कुमारी, सहायक लेखाधिकारी जेपी सिंह, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, योगेंद्र यादव, लेखा परीक्षक रोहिताश्व शुक्ला, विमलकांत सिंह, कवि नगर जोनल प्रभारी सुनील राय, राजवीर सिंह, आरपी सिंह, नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य पार्षद प्रवीण चौधरी, रेखा गोस्वामी, शीतल चौधरी, मनोज त्यागी, अजय शर्मा, यशपाल पहलवान, आदिल मलिक आदि मौजूद रहे।

निर्विरोध हुआ उपाध्यक्ष का चुनाव
भाजपा के वार्ड-59 के पार्षद सदस्य राजीव शर्मा निर्विरोध कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चुने गए। राजीव शर्मा वरिष्ठ पार्षद हैं, वह चार बार से सदन के सदस्य हैं। भाजपा पार्षद सदस्य शीतल चौधरी ने कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा। नगर निगम के मुख्य नगर लेखा परीक्षक एवं चुनाव अधिकारी विवेक सिंह ने चुनाव संबंधी पूरा शेड्यूल जारी किया। उन्होंने राजीव का फार्म दिया। मगर सभी 12 कार्यकारिणी सदस्यों की सहमति के बाद राजीव शर्मा को ठीक 11.39 बजे निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने जाने की घोषणा कर दी गई। निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चुने गए राजीव शर्मा का फूल मालाओं से सदस्यों ने स्वागत किया। नवागत उपाध्यक्ष राजीव शर्मा के मामा एवं पूर्व पार्षद महेंद्रपाल शर्मा ने कार्यकारिणी कक्ष में सभी सदस्यों एवं निगम अधिकारियों समेत अन्य को अपने हाथों से चुने जाने पर मिठाई खिलाई। बैठक खत्म होने के बाद महापौर व नगर आयुक्त के साथ निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए राजीव शर्मा का सदस्यों एवं समर्थकों ने निगम मुख्यालय गेट पर फूलमाला पहनाकर ढोल बजाकर जोरदार स्वागत किया।

नगर आयुक्त बोले आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर होगा वार्ड कोटा का निर्धारण
बैठक के दौरान कार्यकारिणी सदस्यों ने वार्ड कोटा निर्धारित करने और पार्षदों की सीमा 1 करोड़ रुपये किये जाने की बात कही। सदस्यों ने इस बात के लिए काफी दवाब बनाया। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि विकास कार्य तेजी से कराये जाएंगे। लेकिन नगर निगम की आर्थिक स्थिति का ध्यान रखा जाना बेहद जरूरी है। नगर आयुक्त ने कहा कि वार्ड कोटे से पार्षदों के लिए 1 करोड़ रुपये निर्धारित किया जाना फिलहाल संभव नहीं है। मेयर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने सदस्यों से कहा कि सभी वार्डों में 50-50 लाख रुपए के विकास कार्य कराये जाएंगे। दोपहर 3 बजे तक चली बोर्ड बैठक में प्रत्येक वार्ड में 50-50 स्ट्रीट लाइट, पार्कों के लिए 10-10 बैंच, पैट डॉग का रजिस्ट्रेशन शुल्क सहित कई अन्य प्रस्तावों पर मुहर लगी। नगर आयुक्त डॉ.नितिन गौड़ ने कार्यकारिणी बैठक में खिलाड़ी रिया कश्यप को 31 हजार रुपए का पुरस्कार राशि देने एवं पैट डॉग का रजिस्ट्रेशन आदि प्रस्ताव रखे। इस पर कार्यकारिणी बैठक में सहमति बन गई।

 

पार्षद अजय शर्मा ने उठाया हिंडन की सफाई का मुद्दा
कांग्रेसी पार्षद अजय शर्मा ने बैठक में पर्यावरण को लेकर 1.20 करोड़ रुपए की धनराशि मिलने के बाद हिंडन की सफाई नहीं होने का मुद्दा उठाया। इसका टेंडर किया गया। मगर सफाई नहीं हुई। डूंडाहेड़ा में डंपिंग ग्राउंड की जमीन का मुद्दा उठा। यहां पर 66 बीघा जमीन निगम की है। सुप्रीम कोर्ट में बिल्डरों ने याचिका दायर कर रखी है। मेयर ने इस पर कहा कि इस जमीन को जनसुविधा के लिए तैयार की जाए। अगर डंपिंग ग्राउंड नहीं बन सकता हैं तो जमीन की बाउंड्रीवाल करके इसे जन सुविधा के लिए रखा जाए। क्रॉसिंग रिपब्लिक की सीवर लाइन जोड़ने का का मामला गरमाया। नवागत कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने निगम की आय व लाभ और हॉनि पर लेखाधिकारी से जवाब मांगा। कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण चौधरी ने सीवर सफाई करने वाली कंपनी वबाग कंपनी का मुद्दा उठाया। पानी व सीवर की शहर में लाइन टूट रही है। इस पर महापौर एवं सभी सदस्यों की सहमति के बाद वबाग कंपनी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया। पार्षद अजय शर्मा ने कहा कि शहर में 97 वार्ड में कंपनी काम कर रही है, मगर तीन वार्ड में नहीं। पार्षद आदिल मलिक ने कंपनी का कांट्रेक्ट खत्म करने की मांग करते हुए नोटिस देने की मांग की गई।