महापौर व नगर आयुक्त ने कराया निगम कर्मचारियों का धरना समाप्त

गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारियों की डिपार्टमेंट प्रमोशन कमेटी समेत 24 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारी संघ का कार्य बहिष्कार कर हड़ताल करने पर दो दिवसीय धरना मंगलवार को स्थगित हो गया। महापौर सुनीता दयाल ने दोपहर बाद शाम को करीब 3 बजे धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों की मांग माने जाने का आश्वासन दिया। महापौर ने कहा कि सीएलसी के जरिए नौकरी पर रखे गए कर्मचारियों की सैलरी प्रत्येक माह मिलेगी। लेकिन जब सैलरी पाते हो तो काम भी करना पड़ेगा। निगम कर्मचारियों की सैलरी समय पर मिलेगी।

वहीं, डीपीसी के बाद कर्मचारियों को प्रमोशन कर दिया गया है। इसके अलावा अन्य मांगों को नगर आयुक्त से वार्ता कर जल्द सभी मांग पूरी की जाएगी। महापौर के आश्वासन पर नगर निगम के कर्मचारियों ने धरना स्थगित करने की घोषणा की। वहीं, नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने निगम कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुंचने के बाद आश्वासन दिया कि निगम कर्मचारियों की सैलरी से लेकर अन्य मांगे जल्द पूरी की जाएगी। निगम कर्मचारी कार्य बहिष्कार न करें। इसके बाद निगम कर्मचारियों ने धरना स्थगित करने की घोषणा की गई।

नगर निगम में आज बुधवार से यथावत सभी कर्मचारी अपने काम पर लौट जाएंगे। नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार का कहना है कि महापौर व नगर आयुक्त ने 24 सूत्रीय मांग पत्र में से 8 मांगों को पूर्ण करते हुए बाकी 16 मांगों को 15 दिन के अंदर मांग पूरे किए जाने के आश्वासन दिए जाने के बाद निगम कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार को स्थगित कर दिया गया। उम्मीद है कि कर्मचारियों की सभी मांगे मान ली जाएगी। सोमवार को निगम कर्मचारी संघ ने कार्य का बहिष्कार करते हुए मुख्यालय में हड़ताल पर बैठ गए थे। वहीं, मंगलवार को शाम तीन बजे निगम कर्मचारियों ने अपने-अपने दफ्तर में ताला लगाकर कार्य बहिष्कार करते हुए धरना दिया।