एक्शन में नवनियुक्त बीएसए विनोद मिश्रा, निपुण भारत पर तेज होगा काम

-मातहतों के साथ बैठक की, शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने की नसीहत

गाजियाबाद। जनपद में चार्ज संभालने के बाद नननियुक्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनोद मिश्रा एक्शन मोड में आ गए हैं। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए उन्होंने प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में निपुण भारत योजना पर भी तेजी से काम किया जाएगा। उन्होंने मातहतों को कार्यशैली में सुधार लाने और शिक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही न बरतने के साफ निर्देश दिए हैं। नवनियुक्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनोद मिश्रा ने मंगलवार को कार्यालय सभागार में सभी एसआरजी, एआरपी (एकेडमिक टीम) की बैठक बुलाई। बैठक में सर्वप्रथम परिचय का आदान-प्रदान किया गया। जहां खण्ड शिक्षा अधिकारी लोनी, प्रवीन कुमार एवं एआरपी मनीष कुमार शर्मा, रेणु चौधरी, लता शर्मा, स्तुति बाजपेई, रवि अरोड़ा ने फूलों का गुलदस्तां भेंटकर बीएसए का स्वागत किया। तदुपरांत बीएसए विनोद मिश्रा ने एकेडमिक टीम से अपेक्षाएं एवं राज्य स्तर पर जनपद की स्थिति को बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक टिप्स दिए।

उन्होंने कहा कि गंभीरता से काम करने पर सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने परियोजना कार्यालय से भेजी गई साप्ताहिक क्विज, दीक्षा एप डाउनलोड कर उसके प्रयोग किए जाने की स्थिति तथा रीड अलोंग एप पर बच्चों की रीडिंग स्किल्स बढ़ाने के लिए व्यवस्थित क्रम बनाने की अपील की। बैठक में एकेडमिक टीम ने बीएसए को पूरा भरोसा दिलाया कि निकट भविष्य में राज्य स्तर पर जनपद की रैंकिंग को उत्कृष्ट 10 जनपदों में लाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में निपुण भारत के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर कृत संकल्पित होकर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए एवं शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन के लिए नवाचारों को प्रोत्साहित करने पर चर्चा की गई।

बीएसए विनोद मिश्रा ने निपुण भारत के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निपुण भारत के माध्यम से आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता के ज्ञान को विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। सक्षम वातावरण का निर्माण किया जाएगा। जिसके जरिए आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता के ज्ञान को छात्रों को प्रदान किया जा सकेगा। निपुण भारत योजना के जरिए 2026-27 तक प्रत्येक बच्चे को तीसरी कक्षा के अंत तक पढऩे, लिखने एवं अंकगणित को सीखने की क्षमता प्रदान की जानी है।

बेसिक शिक्षा विभाग को बेहतर स्थिति में लाने के लिए विद्यालय प्रबंधन, समय प्रबंधन एवं उच्च शैक्षिक गुणवत्ता, मुख्य लक्ष्य रहे ऐसी अपेक्षा सभी सदस्यों से की गई। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में शिक्षा के अनुरूप माहौल बनाया जाए ताकि बच्चों को इसका लाभ मिल सके। बैठक में खण्ड शिक्षा अधिकारी लोनी प्रवीण कुमार, एसआरजी पूनम शर्मा, विनीता त्यागी, देवांकुर भारद्वाज, एआरपी मनीष कुमार शर्मा, रेनू चौधरी, वाणी शर्मा, राजपाल यादव, शरद चन्द भारती, संजय शर्मा, मीनू शर्मा, विकास अरोड़ा, अंशुमान भारद्वाज, अमित चौधरी समेत नगर क्षेत्र के समस्त एआरपी मौजूद रहे।