माफिया छोड़ेंगे नहीं, निर्दोष को छेड़ेंगे नहीं: केशव प्रसाद मौर्य

17 नगर निगम में खिलेगा भाजपा का कमल

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में कमल खिलेगा। वहीं,नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत में भी अधिक से अधिक सीटों पर भाजपा जीत दर्ज कराएगी। उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल है। लोकसभा चुनाव में भी भाजपा प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज कराएगी। बुधवार को यह बातें कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं। प्रदेश के उप मुख्य मंत्री एवं ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास विभाग के मंत्री केशव प्रसाद मौर्य कलेक्ट्रेट में पहुंचे। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री का जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र एवं नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने फूलों का गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भगवान महर्षि कश्यप की जयंती है। उन्हें नमन करते है। उन्होंने कहा कि जिले में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी अधिकारियों के साथ की गई। गाजियाबाद जिले प्रदेश का प्रवेश व निकास द्वार है। यहां पर पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू हो गया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष-2017 से पहले गाजियाबाद समेत प्रदेश के सभी 75 जिले अपराध के अड्डे बन गए थे। भाजपा सरकार के बनने के बाद अपराध और भ्रष्टाचार पर लगाने के लिए सख्त कदम उठाए गए। इसमें भाजपा के साथ लोगों का भी योगदान है। डबल इंजन की सरकार ने खजाना खोला। प्राकृतिक आपदा आई।

किसानों की बेमौसम बारिश से फसलें भी बर्बाद हुई है। ओले गिरे है। इसके लिए प्रदेश सरकार किसानों के साथ है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में किसानों की फसलों के बर्बाद होने का सर्वे कराने के निर्देश दिए गए है। निराश्रित पशुओं को प्रहरी गौशाला में रखने एवं जनपद में चारागाह की जमीन पर गौशाला बनाई जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों में ही अधिक कीमत पर किताब बेचने की शिकायत मिली है। इस पर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं,जनवरी-2020 में मुरादनगर के उखलारसी अंत्येष्टि स्थल की छत गिरने के बाद हुए हादसे में 24 लोगों की मौत हुई थी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि श्मशान घाट से मलबा हटाकर वहां पर जल्द सामुदायिक सुविधा केंद्र बनाया जाएगा। खोड़ा में पाइपलाइन से पानी देने के लिए 650 करोड़ रुपए की योजना है। वहीं,लोनी में भी 650 करोड़ रुपए की योजना है। साहिबाबाद में 100 बेड के अस्पताल का निर्माण भी जल्द शुरू हो जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध निर्माण एवं भूमियाओं द्वारा किए गए सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे जल्द मुक्त होंगे। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में गाजियाबाद समेत प्रदेश के 17 नगर निगमों में कमल खिलेगा। वहीं,नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत में अधिक से अधिक सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि माफियाओं को छोड़ेंंगे नहीं और गरीबों को छेड़ेंगे नहीं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं  नेताओं की बात नहीं सुनने के सवाल पर कहा कि शिकायत मिली है। जो भी दोषी अधिकारी होगा। उसे बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा में महापौर प्रत्याशी के नाम पर तकरार पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा में दावेदारों की संख्या अधिक है। इसलिए जो मनमुटाव है। वह जल्द दूर हो जाएगा। जिताऊ प्रत्याशी को ही टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विश्वास के तहत काम करती है।


विकास कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई:

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिले में विकास कार्यों एवं सरकार की संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक की। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राज्यसभा सांसद डॉ.अनिल अग्रवाल, पश्चिमी क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, निर्वतमान महापौर आशा शर्मा, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल,महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, विधायक अतुल गर्ग, विधायक अजीत पाल त्यागी, नंदकिशोर गुर्जर,विधायक डॉ. मंजू शिवाच, विधायक धौलाना धर्मेश तोमर, एमएलसी दिनेश गोयल, मेरठ मंडल की मंडलायुक्त शेल्वा कुमारी जे, जिलाधिकारी राकेश कुमार, पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र, नगर आयुक्त नितिन गौड़, एडीएम प्रशासन बिपिन कुमार, प्रभागीय वानिकी निदेशक मनीष सिंह, परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित आदि अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गलियों में खड़ी गाडिय़ों के अनावश्यक चालान न किए जाए। ग्रीन बैल्ट पर अवैध कब्जे एवं अवैध कॉलोनी काटकर प्लाटिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करें। गांव, गरीब, किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद को सर्वश्रेष्ठ विकसित जनपद के रूप में स्थापित करना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। जिले के नाम कई उपलब्धि जुड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि जनता की समस्याओं से कतई मुंह न मोड़े। उसे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करें।बीते साल 26 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक की थी। जिसमें सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा कई मामले उठाए गए थे। उनमें से कोई प्रकरण अभी तक लंबित है। इस पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि कोई प्रकरण लंबित नहीं है। उन्होंने कहा कि जनपद के पार्कों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दें। इंदिरापुरम स्थित पार्क को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने वैशाली से मोहननगर तक मेट्रो कनेक्टिविटी के संबंध में निर्देशित किया कि पूर्व में भेजे गए प्रस्ताव पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि आम जन मानस को बेहतर यातायात की सुविध मिल सकेंं।

किसानों की समस्याओं को गंभीरता से ले अधिकारी

जीडीए की तुलसी निकेतन कॉलोनी के जर्जर भवनों को लेकर निर्देश दिए कि तीन अधिकारियों की कमेटी गठित करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं आम जनमानस के माध्यम से सुझाव लेकर इसका निस्तारण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। खोड़ा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की समस्याओं के संबंध में उन्होंने मेरठ मंडल की मंडलायुक्त शेल्वा कुमारी जे को निर्देशित किया कि जनपद गाजियाबाद व जनपद गौतमबुद्धनगर के अधिकारियों के साथ बैठक करें और समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार करते हुए शासन को अतिशीघ्र प्रस्ताव भेजे ताकि प्रकरण पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जा सकें। क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसान देश का अन्नदाता है, उसे किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं से संबंधित जो शिकायतें आएं अधिकारी उनका तुरंत निराकरण करें।

अगर इसमें कोई ढिलाई या भ्रष्टाचार की शिकायत मिली तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की तबाह हुई फसल का मूल्यांकन कर शासन को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। ताकि  प्रभावित किसानों को राहत उपलब्ध कराई जा सकें। उप मुख्यमंत्री ने 37 विकास योजनाओं की समीक्षा की। जनपद में 3274 एमओयू हस्ताक्षरित किए गए जिसके तहत 106697 करोड़ को निवेश प्रस्तावित किया गया। प्रस्तावित इस निवेश से 636673 लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होने का अनुमान हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आजादी से अन्त्योदय तक अभियान में 28 अप्रैल, 2022 से 15 अगस्त, 2022 तक भारत सरकार द्वारा देश के 9 मंत्रालयों की 17 योजनाओं में जनपद गाजियाबाद देश के 75 चिन्हित जनपदों में प्रथम स्थान पर रहा है। देश में चयनित 300 श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन क्लस्टर में जनपद गाजियाबाद के क्लस्टर डासना देहात को प्रथम स्थान पर रहा है।