टूटी खामोशी : बोले पूर्व डीजीपी, मैं एनडीए के साथ

बिहार की सियायत में गुप्तेश्वर पांडेय की चर्चाएं

पटना। बिहार विधान सभा चुनाव में पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गुप्तेश्वर पांडेय की खूब चर्चा हो रही है। पुलिस सेवा को छोड़कर राजनीति में आए पांडेय की किस्मत अभी साथ नहीं दे रही है। जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) से टिकट न मिलने के कारण वह निराश नहीं हैं। इस मुद्दे पर उन्होंने चुप्पी तोड़ी है। उनका कहना है कि वह निराश नहीं हैं। वह एनडीए के साथ हैं। पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। इस दरम्यान उन्होंने जेडीयू की सदस्यता ग्रहण की थी। ऐसे में चर्चाएं शुरू हो गई थीं कि वह आसन्न विधान सभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे। जेडीयू ने विधान सभा चुनाव के लिए अपने 122 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, मगर पांडेय को टिकट नहीं मिला है। इसके बाद से समूचे बिहार में पूर्व डीजीपी पांडेय एकाएक चर्चाओं में आ गए हैं। उनके समर्थक और विरोधी अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इस बीच गुप्तेश्वर पांडेय ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है। उनका कहना है कि कभी-कभी राजनीतिक परिस्थितियां किसी व्यक्ति की उम्मीद से अलग होती हैं। ऐसे में मैं धोखा महसूस नहीं करता हूं। उन्होंने कहा कि वह एनडीए के साथ हैं। मैं नीतीश कुमार के निर्देश का पालन करूंगा। मैं खुद के लिए नहीं बल्कि पार्टी के लिए सोच रहा हूं। सुशांत सिंह राजपूत केस पर उन्होंने कहा कि जब मैं डीजीपी था, तब अपने अधिकारियों को जांच के लिए भेजा था, मगर मुंबई में उनके साथ अच्छा बर्ताव नहीं हुआ। जब सीनियर अधिकारी को भेजा तो फिर सहयोग नहीं मिला। ऐसे में जो किया था वह सही फैसला था। बता दें कि गुप्तेश्वर पांडेय के बक्सर से चुनावी मैदान में उतरने के कयास लगाए जा रहे थे, मगर यह सीट भाजपा के खाते में चली गई। भाजपा ने इस सीट से उमीदवार भी मैदान में उतार दिया है।