प्रचंड गर्मी की मार, आसमान से बरस रही आग, राहत मिलने के नहीं आसार

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में प्रचंड गर्मी का प्रकोप कायम है। आसमान से आग बरसने जैसे हालात के कारण जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। मई से पहले अप्रैल में सूर्यदेव ने तीखे तेवर दिखा डाले हैं। अगले माह गर्मी का टॉर्चर और ज्यादा बढ़ने की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है। तेज धूप, गर्मी और गर्म हवाएं चलने से हर कोई बेचैन है। मौसम विभाग की ओर से कोई राहत भरी खबर नहीं मिल रही है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक देश की राजधानी में गर्मी का रिकॉर्ड टूट रहा है।

दिल्ली में पिछले 12 साल में अप्रैल सबसे गर्म माह रहा है। दिल्ली में गुरुवार का तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि 18 अप्रैल 2019 में राजधानी का तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में गर्म हवाओं से अभी छुटकारा नहीं मिल पाएगा। उधर, शुक्रवार की सुबह लगभग 9 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 304 दर्ज किया गया। इस बीच गर्म हवाओं से प. मध्य प्रदेश, विदर्भ और जम्मू , पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना व ओडिशा के कुछ हिस्से जूझ रहे हैं।

मध्य और उत्तर पश्चिम भारत में अगले 5 दिन तक गर्म हवाओं का चलना जारी रहेगा। उधर, देश के पूर्वी हिस्से में भी यह तपन परेशान करती रहेगी। नार्थ ईस्ट में बारिश होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में शनिवार को धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है। अलबत्ता नागरिकों को मौसम के मिजाज को देखकर घर से बाहर निकलना चाहिए।