बंगाल में बवाल, सड़कों पर उतरी नाराज भाजपा

प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वीरवार को पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं की निरंतर हत्या के विरोध में सड़कों पर उतर कर हंगामा किया गया। कोलकाता में विभिन्न स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। माहौल को भापंकर पुलिस ने विद्या सागर सेतु और हावड़ा ब्रिज को बंद कर दिया। वहां से वाहनों के आवागमन को पूर्णत: रोक दिया गया। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का भी प्रयोग किया गया। पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की आए दिन हत्या का जबरदस्त विरोध देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुबह से जगह-जगह प्रदर्शन कर ममता बनर्जी सरकार को बर्खास्त करने की पुरजोर मांग की। प्रदर्शनकारियों से निपटने को पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा। ऐसे में भगदड़ मच गई। उधर, भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने पश्चिम बंगाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह सरकार विरोध के बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकारों को भी नकार रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा 2 तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। भाजपा के आंदोलन को देखकर कोलकाता में पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर रखा गया है। पश्चिम बंगाल सरकार ने सचिवालय नाबन्ना को 2 दिन के लिए बंद करने का फैसला लिया है। सचिवालय में 2 दिन तक सैनेटाइजेशन किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं की रैली सचिवालय तक न पहुंच पाए, इसके लिए नाबन्ना की तरफ के सभी रास्तों पर 5 डीआईजी स्तर के अधिकारी तैनात किए गए। हालांकि भाजपा कार्यकर्ताओं के तेवर नरम नहीं दिखे। उन्होंने कोलकाता में उग्र प्रदर्शन कर सरकार को सत्ता से हटाने की मांग की। आरोप है कि कोलकाता में भाजपा वर्कर को जान-बुझकर निशाना बनाया जा रहा है। हत्यारोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में पुलिस-प्रशासन नाकाम है।