यमुना प्राधिकरण के CEO डॉ. अरुणवीर सिंह खुद हाथों में फावड़ा लेकर करने लगे कूड़े के ढे़र की सफाई, प्राधिकरण अधिकारियों के साथ मिलकर चलाया सफाई अभियान

बरसों से पड़े कूड़े के ढेर को किया साफ, गोल चक्कर को तिरंगा चौक के रूप में विकसित करने के निर्देश

ग्रेटर नोएडा। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत रविवार को यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह की अगुवाई में सफाई अभियान चलाया गया। प्राधिकरण क्षेत्र स्थित सलारपुर अंडरपास के विपरीत दिशा में गोल चक्कर के पास इकट्ठा हुए कूड़े के डंपिंग क्षेत्र को हटा कर उस क्षेत्र को स्वच्छ करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए प्राधिकरण के सभी अधिकारी कर्मचारी सुबह 10 बजे गंतव्य स्थान पर एकत्रित हुए। मौके पर कूड़े का ढेर देखकर डॉ. अरुणवीर सिंह ने स्वयं अपने हाथों में फावड़ा उठा लिया और सफाई कार्य में जुट गए। मुख्य कार्यपालक अधिकारी के साथ प्राधिकरण के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर सफाई अभियान को सफल बनाया। सभी के सामूहिक श्रमदान से सलारपुर अंडरपास के निकट स्थित क्षेत्र में बरसों से पड़े कूड़े के ढेर को हटाकर उस स्थान को साफ सुथरा किया गया।


मुख्यकार्यपालक अधिकारी ने स्थानीय लोगों से जब इस कूड़े के ढेर के बारे में जानकारी ली, तो पता चला की नगर पंचायत दनकौर द्वारा इस जगह पर कूड़े की डंपिंग की जाती है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा मौके पर उपस्थित महाप्रबंधक परियोजना एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की इस जगह को साफ करके एक सुन्दर क्षेत्र में परिवर्तित कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए यहां किसी भी प्रकार से कूड़े की डंपिंग ना हो होने पाए। यदि किसी के द्वारा इस क्षेत्र में कूड़ा फेंका जाता है या उसकी डम्पिंग की जाती है। तो उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई जाए।

साथ ही यह भी निर्देशित किया कि इस क्षेत्र के समीप पढ़ रहे गोल चक्कर को तिरंगा चौक के रूप में विकसित किया जाए। इस के आसपास साफ सफाई तथा ब्यूटीफिकेशन तथा प्रकाश की व्यवस्था का कार्य करवाया जाए। प्राधिकरण द्वारा किए गये इस पुनीत कार्य की क्षेत्र के निवासियों द्वारा भूरी भूरी प्रसंशा की।

भविष्य में इस तरह के कार्यों में अपना योगदान दिये जाने का अनुरोध किया गया। स्वच्छता कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह के साथ अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कपिल सिंह,  विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र भाटिया, महाप्रबंधक परियोजना ऐके सिंह, विशेष कार्याधिकारी मेहराम सिंह, पीपी सिंह, स्टाफ ऑफिसर नन्दकिशोर सुन्दरियाल, राजबीर सिंह, मनोज धारीवाल, आरती सिंह, अजय कुमार, अशोक सक्सेना, एम एन तिवारी, सुभाष, रिंकु सिंह, यशपाल सिंह सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के द्वारा श्रमदान किया गया।