कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने रोका यातायात

पुलिस को करना पड़ा रूट डायवर्ट, नागरिक रहे त्रस्त

ग्रेटर नोएडा। 3 कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों ने शुक्रवार को भारत बंद का आह्वान किया था। इसके समर्थन में किसानों ने दुर्गा टॉकीज गोल चक्कर सूरजपुर पर यातायात जाम कर धरना दिया। ऐसे में पुलिस को सूरजपुर-कासना मार्ग पर रूट डायवर्ट करना पड़ा। रूट डायवर्ट होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बीच डीएम के आश्वासन के बाद किसानों ने सड़क से हटकर कलेक्ट्रेट में पंचायत की। भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान एकत्र होकर दुर्गा टॉकीज गोल चक्कर पर पहुंचे। वहां नारेबाजी कर धरना दिया गया। किसानों ने गोल चक्कर के चारों ओर सूरजपुर-कासना मार्ग पर अपने वाहनों को खड़ा कर यातायात बंद करा दिया। इस कारण पुलिस को रूट डायवर्ट करना पड़ा, मगर दोनों तरफ यातायात का दबाव होने के कारण जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने दोनों तरफ की सर्विस लाइन को भी बंद कर दिया था, जिस कारण वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग किया और अपने गंतव्य तक पहुंचे। धरनास्थल से किसानों के उठने के बाद पुलिस ने यातायात सुचारू कराया। तदुपरांत वाहन चालकों को राहत मिल पाई। एडीएम (प्रशासन) खुद दुर्गा टॉकिज पहुंचे और किसानों से वार्ता की। भाकियू नेता पवन खटाना ने कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुई तो वह दोबारा गोल चक्कर को जाम कर देंगे। बाद में किसानों ने कलेक्ट्रेट जाकर पंचायत की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अशोक भाटी, मटरू नागर, परविंदर अवाना, सुरेंद्र नागर, राजे प्रधान, राकेश चौधरी, संदीप अवाना, बेली भाटी, अनिल खटाना, अमित डेढा, बिपिन प्रधान, सुमित, सुंदर खटाना, योगी नंबरदार, रविंद्र भगत आदि मौजूद रहे।