यमुना प्राधिकरण में नहीं रहेगा अधिकारियों और कर्मचारियों का टोटा, आयोग के जरिये लिपिक से लेकर वरिष्ठ प्रबंधक पद पर 126 लोगों की होगी भर्ती

– तात्कालिक व्यवस्था के तहत 10 सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों की हुई भर्ती
– केके सिंह के रिटायरमेंट के बाद एसीईओ रविंद्र सिंह को सौंपा गया जीएम प्रोजेक्ट का चार्ज
– यमुना प्राधिकरण में हैं कुल 286 पद स्वीकृत जबकि सिर्फ 43 अधिकारी और कर्मचारी की है नियुक्ति
– प्लेसमेंट के जरिये संविदा पर प्राधिकरण में काम कर रहे हैं 212 कर्मचारी

उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण में अब कर्मचारियों और अधिकारियों की कमी नहीं रहेगी। रिक्त पदों पर जल्द ही शासन द्वारा आयोग के जरिये कर्मचारियों और अधिकारियों का चयन कर भर्ती की जाएगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र का जिस तरह से विस्तार हुआ और प्राधिकरण में कामकाज बढ़ा है। उसके देखते हुए कर्मचारियों और अधिकारियों की नियुक्ति की मांग लगातार की जा रही थी। अभी अधिकांश पदों पर प्लेसमेंट सर्विस के जरिये कर्मचारियों को रखा गया है। शासन द्वारा जल्द ही 126 पदों पर स्थायी रूप से कर्मचारियों और अधिकारियों की भर्ती की जाएगी। उधर, वर्तमान में प्राधिकरण के कामकाज को संभालने के लिए 10 रिटायर्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को संविदा पर रखा गया है। संभावना जताई जा रही है। अक्टूबर महीने में ही शासन से आयोग द्वारा विज्ञापन निकाल कर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण में कुल 286 पद स्वीकृत हैं। जबकि वर्तमान में प्राधिकरण में केवल 43 स्थायी अधिकारी और कर्मचारी तैनात हैं। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र का लगातार विस्तार हो रहा है। एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, लॉजिस्टक पार्क सहित कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऐसे में प्राधिकरण अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी से जू­ा रहा है। वर्तमान में 212 लोगों को प्लेसमेंट एजेंसी के जरिये संविदा पर रखा गया है। लेकिन अब शासन ने कर्मचारियों और अधिकारियों की स्थायी नियुक्ति का निर्णय लिया है। उधर, वर्तमान कामकाज को देखते हुए प्राधिकरण ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की नियुक्ति शुरू कर दी गई है। आलोक नाथ को डीजीएम, इंद्र पाल सिंह को उद्यान सलाहकार, जितेंद्र कुमार को सहायक प्रबंधक, इमरान मसूद सिदह्यदीकी को सहायक, रवींद्र नाथ यादव को लिपिक, विजेंद्र सिंह व विजय श्याम तिवारी को जूनियर असिस्टेंट के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके अलावा लाखन सिंह, श्रीनिवास और नानक चंद को लेखपाल के रूप में नियुक्ति मिली है। शासन द्वारा प्राधिकरण में रिक्त पड़े पदों को भरने की कवायद शुरू होने की जानकारी मिलने से प्राधिकरण अधिकारी भी राहत महसूस कर रहे हैं। आयोग द्वारा कनिष्ठ लिपिक, लिपिक व वरिष्ठ लिपिक के 62 पद भरे जाएंगे। जबकि सहायक प्रबंधक से लेकर वरिष्ठ प्रबंधक के 64 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। उधर, जीएम प्रोजेक्ट के पद पर कार्यरत केके सिंह के रिटायर्ड होने के बाद एसीईओ रवींद्र सिंह को जीएम प्रोजेक्ट का चार्ज सौंपा गया है। एसीईओ रविंद्र सिंह विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का काम काज देखेंगे।