यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में एक लाख भवनों पर लहराएगा तिरंगा

ग्रेटर नोएडा। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) भी आवश्यक तैयारियों में जुटा है। इसके तहत नागरिकों को एक लाख तिरंगा झंडा वितरित करने की योजना है। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। तिरंगा वितरण कार्य की डेडलाइन तय है। 10 अगस्त तक यह काम पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने के लिए 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम चलेगा।

इसके लिए से शासनादेश जारी किया गया है। यमुना प्राधिकरण भी इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेगा। प्राधिकरण ने एक लाख तिरंगा अपने क्षेत्र में वितरित करेगा। साथ ही उसे फहराने के लिए प्रेरित करेगा। यमुना प्राधिकरण कंपनियों व बैंकों के सीएसआर फंड से 20,000 झंडा बनवाएगा। उनके साथ 4 फीट के डंडे भी लगे होंगे। बाकी प्राधिकरण खुद बनाएगा। शासन के मानकों के अनुसार ही झंडे बनाए जाएंगे। यमुना प्राधिकरण के अधीन आने वाले 96 गांवों को 8 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में एक प्रबंधक की तैनाती की गई है।

उसे नोडल अफसर बनाया गया है। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि इन 96 गांवों में 80000 झंडे बांटे जाएंगे। इनका वितरण 10 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा व फैसिलिटी सेंटर पर 4000 झंडे लगाए जाएंगे। प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 112 विद्यालयों में 12000 झंउे उपलब्ध कराए जाएंगे। बच्चे प्रभात फेरी निकाल कर लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि गांव के प्रमुख चौराहों व बस स्टैंड पर फ्लेक्स बोर्ड तैयार कर शासन के दिशा निर्देशों को लिखा जाएगा ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके।