यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसे रोकने में जुटा यमुना प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाएं रूक नहीं रही हैं। चालू माह में 2 बड़े हादसे होने से सुरक्षा उपायों पर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में यमुना एक्सप्रेस-वे प्रबंधन और यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की चिंता भी बढ़ गई है। एक्सप्रेस-वे पर हादसे रोकने और नागरिकों की जान सलामत रखने के लिए अब एक्सप्रेस-वे प्रबंधन और यमुना प्राधिकरण नए सिरे से मिलकर काम करने को तैयार हैं। इसके मद्देनजर सुरक्षा उपायों पर पुन: योजना बनाई जाएगी। यमुना एक्सप्रेस-वे प्रबंधन और यमुना प्राधिकरण मिलकर नए सिरे से कार्ययोजना बनाकर लागू करेगा।
इसमें तय लेन का पालन कराने, ओवरलोड वाहनों पर अंकुश, एंबुलेंस व पेट्रोलिंग वाहनों की वृद्धि प्रमुख हैं। इसके अलावा जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर मई में 2 हादसों में 12  लोगों की जान जा चुकी है। इन हादसों की वजह ओवरलोड वाहन रहे हैं। इन हादसों के लिए इन्हीं वाहनों को जिम्मेदार माना जा रहा है। हादसों के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा उपायों की एक बार फिर समीक्षा करने की जरूरत पड़ी है। दरअसल ओवरलोड वाहन की
गति बहुत धीमी होती है। बाकी वाहनों की गति तेज होती है।
पीछे चल रहा वाहन चालक आगे के वाहन की गति को समझ नहीं पाता और वह हादसे का शिकार हो जाता है। ऐसे वाहनों को टोल प्लाजा पर रोका जाएगा। यहां पर इलेक्ट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी ताकि उनका वजन किया जा सके। यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों के लिए लेन निर्धारित है। लेकिन लेन का पालन नहीं किया जाता। एक्सप्रेसवे पर ओवरटेकिंग लेन, भारी वाहनों की लेन, हल्के वाहनों की लेन तय है। बावजूद इसके इसका पालन नहीं किया जाता है। लेन का पालन कराने के लिए योजना बनेगी।
कैमरों के जरिये इस पर निगाह रखी जाएगी। ऐसे वाहन चालकों पर भारी जुर्माना लगेगा। जागरूकता के अभाव भी हादसे होते हैं। एक्सप्रेसवे पर चलने वालों के लिए जागरूकता अभियान चलेगा। इसमें गति, लेन सिस्टम आदि के बारे में बताया जाएगा। पंफलेट बांटे जाएंगे। टोल प्लाजा पर रुकने वाले चालकों को इस बारे में बताया जाएगा ताकि लोग वाहन चलाते समय जागरूक रहें। यमुना एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग व एंबुलेंस की संख्या दोगुनी की जाएगी। ताकि हताहत लोगों को बहुत जल्द सहायता मिल सके। इसके अलावा एक्सप्रेसवे पर पुलिस थाने बनाए जाएंगे। शासन के पास यह प्रस्ताव लंबित है। बहुत जल्द इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी।