8 लेन का बनेगा यमुना एक्सप्रेसवे, जल्द होगा निर्माण

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बढ़ते वाहनों के दबाव के चलते दो लेन ओर बढ़ाई जाएगी। फिलहाल यमुना एक्सप्रेसवे 6 लेन का है। जिसे जल्दी बढ़ाकर 8 लेन का कर दिया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ रहे वाहनों की संख्या को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है। एक माह में इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो जाएगी। साथ ही एक्सप्रेसवे के दोनों किनारों में लगे कैश बीम बैरियर की ऊंचाई एनएचएआई के मानकों के अनुसार की जाएगी। इससे हादसा होने के बाद वाहन नीचे नहीं जाएंगे।

ग्रेटर नोएडा से आगरा तक का यमुना एक्सप्रेसवे 165 किलोमीटर लंबा है। इसका निर्माण जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड ने किया था। यमुना प्राधिकरण के साथ हुए अनुबंध के अनुसार इसे छह लेन का बनाया गया। शर्तों के अनुसार, जब इस पर वाहनों की संख्या रोजाना 32 हजार हो जाएगी तो दो लेन और बढ़ाई जाएंगी। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि इस एक्सप्रेसवे पर रोजाना 30 से 32 हजार वाहन गुजरते हैं। अब एक्सप्रेसवे में दो लेन और बढ़ाने की जरूरत है। इसको लेकर सोमवार को जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि एक्सप्रेसवे की दो लेन और बढ़ाई जाएं। इसके लिए जमीन मौजूद है। दो लेन और बढऩे के बाद एक्सप्रेसवे आठ लेन का हो जाएगा। अब जेपी इंफ्राटेक इसकी डीपीआर बनाएगा। डीपीआर बनने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों किनारे लगे बैरियर की लंबाई बहुत कम है। इसके चलते हादसे के बाद वाहन नीचे गिर जाते हैं। अब एक्सप्रेसवे के किनारे लगे क्रैश बीम बैरियर की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। अभी इनकी ऊंचाई आधा मीटर है। इसको एनएचआई के मानकों के अनुसार ऊंचा किया जाएगा। बैरियर ऊंचा होने से हादसे के बाद वाहन नीचे नहीं गिरेंगे। यह काम भी जल्द शुरू होगा। 2024 में जेवर एयरपोर्ट का संचालन शुरू होना है। एयरपोर्ट शुरू होने पर वाहनों की संख्या और बढ़ेगी। इसको देखते हुए यह काम एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने से पहले पूरा करने की तैयारी है।