सेतु निगम के नाम नया कीर्तिमान: ब्रह्मपुत्र नदी पर बनाएगा 8 किमी लंबा पुल

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के साथ 650 करोड़ रूपए के लिए हुआ करार

नई दिल्ली/लखनऊ। निर्माण कार्यो को समय से एवं गुणवत्ता पूर्ण करने के लिए प्रतिबंध उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के नाम नया कीर्तिमान जुड़ा है। यूपी सेतु निगम असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर 8 किमी लंबा पुल बनाएगा। यह पुल केन्द्र सरकार का एक महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट है। पुल के बनने से असम का माजुली द्वीप जोरहाट एवं कमलावारी घाट से सीधा जुड़ जाएगा। अभी तक यहां पर कोई डायरेक्ट रोड कनेक्टिविटी नही थी। आने-जाने के लिए लोग फेरी का उपयोग करते थे। बरसात एवं नदी में बाढ़ आने पर लोगों की परेशानियां काफी बढ जाती थी। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की 650 करोड़ रूपए की इस परियोजना को सेतु निगम चार वर्षो में पूरा करेगा। परियोजना को लेकर केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और यूपी सेतु निगम के बीच करार हुआ है। असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर बनने वाला यह 8 किमी लंबा पुल आधुनिक तकनीकि से बनेगा। सेतु निगम के प्रबंध निदेशक अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि असम में माजुली दीप को जोडऩे के लिए ब्रह्मपुत्र नदी पर बड़े पुल के निर्माण का टेंडर मिला है। निर्माण कार्य पूरा करने की अवधि 4 साल है और सेतु निगम इसे निर्धारित अवधि में बनाकर तैयार कर देगा। यह पुल काफी बड़ा है और इसकी लंबाई 8 किमी होगी। यह पुल माजुली द्वीप के जोरहाट एवं कमलावारी घाट को आपस में जोड़ेगा। अभी यहां आवागमन के लिए फेरी का उपयोग होता है। इस परियोजना का अनुबंध नई दिल्ली में एसके निर्मल, एडीजी मोर्थ की मौजूदगी में यूसी कटारा, मुख्य अभियंता सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और अशेष श्रीवास्तव, संयुक्त प्रबंध निदेशक (निविदा/निक्षेप), यूपी राज्य सेतु निगम के बीच हस्ताक्षरित किया गया। विदित हो कि पिछले कुछ वर्षो में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के निर्माण कार्यो की साख बढ़ी है। सेतु निगम ने कई बड़े प्रोजेक्ट को पूरा किया है और उसके नाम कई उपलब्धियां रही हैं। अभी तक सेतु निगम के ज्यादातर प्रोजेक्ट यूपी व उत्तराखंड में चल रहें थे। अब यह देश के अन्य हिस्सों में भी बडे प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। सेतु निगम की इस उपलब्धि का श्रेय विभागीय मंत्री एवं अधिकारियों को जाता है।