भव्य राम मंदिर के गर्भगृह का निर्माण शुरू, सीएम योगी ने रखी पहली शिला

लखनऊ। अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण की दिशा में बुधवार को एक और महत्वपूर्ण पहल हुई। वहां गर्भगृह निर्माण का काम आरंभ हो गया है। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने गर्भगृह निर्माण के लिए पहली शिला रखी। उन्होंने कहा कि यह मंदिर भारत का राष्ट्र मंदिर होगा। सीएम के आगमन के मद्देनजर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। गर्भगृह निर्माण का काम शुरू होने से सर्वदेव अनुष्ठान का भी समापन हो गया। यह अनुष्ठान 29 मई से चल रहा था। अयोध्या राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि अधिरचना पर आज से कार्य शुरू हो रहा है। प्रस्तावित कार्यों को पूर्ण करने के लिए 3 चरण की समय सीमा है। इसके तहत 2023 तक गर्भगृह, 2024 तक मंदिर निर्माण और 2025 तक मंदिर परिसर में मुख्य निर्माण का कार्य संपन्न होगा। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 500 साल से देश के साधु-संत राम मंदिर के लिए आंदोलन चला रहे थे। आज उन सभी लोगों के दिल को खुशी मिली होगी। गर्भगृह का पहला पत्थर रख दिया गया है।

उन्होंने बताया कि गोरक्षनाथ पीठ की तीन पीढ़ी मंदिर आंदोलन से जुड़ी हुई थीं। गर्भगृह का पहला पत्थर रखने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज से शिलाओं के रखने का काम तेजी से आरंभ हो जाएगा। अब वह दिन दूर नहीं है जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर अयोध्या धाम में बनकर तैयार होगा। यह मंदिर भारत का राष्ट्र मंदिर होगा।