शहर में होगी हरियाली, गाजियाबाद आने वालों की बदलेगी सोच

– म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने शहर में हरियाली बढ़ाने और सौंदर्यीकरण पर दिया जोर

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। दिल्ली से सटा गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार है। लेकिन गाजियाबाद में प्रवेश करते ही लोगों को एहसास होने लगता है कि वह दिल्ली छोड़ उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर गये हैं। लोगों की इसी सोच को बदलने के लिए म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने शहर की व्यवस्थाओं को बदलने का निर्णय लिया है। म्युनिसिपल कमिश्नर ने शहर के एंट्री प्वाइंट को सुंदर बनाने के साथ-साथ शहर के अंदर हरियाली बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया है। इसके लिए वह लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और जहां भी कमियां दिखाई दे रही है उसे तत्काल दुरूस्त कराने का निर्देश दिया जा रहा है। म्युनिसिपल कमिश्नर सिर्फ निर्देश देने तक नहीं रूकते। निर्देशों पर अमल हुआ कि नहीं उसका जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण भी कर रहे हैं। इसका असर भी दिखने लगा है लेकिन उद्देश्य की सफलता के लिए अभी काफी मशक्कत करनी होगी।

जारी रहेगा धूल मुक्ति अभियानमहेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि धूल मुक्त अभियान जारी रहेगा। अभियान का अब विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत अब सड़कों से धूल-मिट्टी उठाने के अलावा शहर में गोल चक्कर, रोटरी, सेंट्रल वर्ज, डिवाइडर को हरियाली युक्त बनाया जाएगा। स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 को भी ध्यान में रखते हुए शहर के सौंदर्यीकरण और अधिक से अधिक ग्रीनरी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

बदलाव देख कर चौक गये लोगवसुंधरा सेक्टर-2 और सेक्टर-4 से अभियान की शुरूआत भी हो गई है। वसुंधरा सेक्टर-2 में टी-प्वाइंट पर एक दिन पहले तक धूल-मिट्टी उड़ रही थी। तिराहे पर बने सेंट्रल वर्ज में लोगों को मिट्टी दिखाई दे रहा था। लेकिन सोमवार को इसका स्वरूप ही बदला हुआ था। टी प्वाइंट पर ग्रिनरी डेवलप करने के साथ-साथ पौधे भी लगा दिये थे। एक दिन में यह बदलाव देखकर लोग अचंभित थे। कई लोग मोबाइल से वहां पर सेल्फी भी लेने लगे।

सुबह निरीक्षण शाम को लिया जायजा
म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार सुबह मोहन नगर जोन का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान यूपी बॉर्डर से अतिक्रमण हटाने, सफाई व्यवस्था व धूल मुक्त अभियान को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया था। शाम को पुन: कार्य का जायजा लेने पहुंच गये। निरीक्षण के दौरान म्युनिसिपल कमिश्नर के साथ एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, मोहननगर जोनल प्रभारी एसके गौतम, एई अनिल त्यागी, जेई संजय कुमार गंगवार मौजूद थे।