गौशाला के गोबर से गाजियाबाद में मनेगी दीपावली

– गाजियाबाद नगर निगम की अनूठी पहल, नंदी पार्क गौशाला में बनाई जा रही है दिये और लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। गाजियाबाद में इस वर्ष दीपावली इको-फ्रेंडली होगी। शहरवासी गोबर और मिट्टी से बने दीये और मूर्तियों का उपयोग करेंगे। शहरवासियों में जोश भरने और इको फ्रेंडली दीये एवं मूर्तियों के इस्तेमाल को लेकर नगर निगम ने भी अनूठी पहल की है। नंदी पार्क गौशाला में गाय के गोबर से दीये और मूर्तियां तैयार की जा रही है। इस वर्ष नगर निगम द्वारा मेयर, निगम पार्षद, अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों को तोहफे के रूप में गौशाला में बने दीये और मूर्ति भेंट की जाएगी। नगर निगम द्वारा इको फ्रेंडली दीपावली मनाने को लेकर शहरवासियों को जागरूक भी किया जा रहा है। नगर निगम की इस कवायद से शहरवासी भी खुश हैं। शहरवासियों का कहना है कि गोबर एवं मिट्टी से बने दीये एवं मूर्तियां पर्यावरण के साथ-साथ अर्थव्यवस्था के लिए बेहतर है। इससे स्वदेशी लघु उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।हिंडन तट स्थित नंदी पार्क गौशाला प्रदेश के मॉडल गौशाला में शामिल है। यहां की व्यवस्थाएं अच्छी है और गौवंशों की काफी अच्छी देख-रेख की जाती है। प्रदेश के मुख्य सचिव भी औचक निरीक्षण के दौरान नंदी पार्क गौशाला की तारीफ कर चुके हैं। गाजियाबाद के म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर नंदी पार्क गौशाला की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के साथ-साथ गौवंशों को स्वाबलंबी बनाने की योजना पर भी काम कर रहे हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर की योजना है कि गौशाला के गोबर एवं गौ-मूत्र का व्यवसायिक इस्तेमाल भी किया जाये।
महेंद्र सिंह तंवर पर्यावरण प्रेमी हैं। ऐसे में उनका जोर पर्यावरण को बेहतर बनाने पर भी रहता है। अमूमन त्यौहारों पर लोग चाइनीज दीये, मूर्तियां या फिर प्लास्तर आॅफ पेरिस से बने उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं। जो पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते हैं। इसकी काट करते हुए इस बार गोबर और मिट्टी से दीये और मूर्तियां बनाई जा रही है। नगर निगम ने नंदी पार्क गौशाला में गाय के गोबर एवं मिट्टी से लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति एवं दीये बनाने की जिम्मेदारी कामधेनु अवतरण अभियान को दिया गया है। हजारों की संख्या में दीये और मूर्तियां बनाई जा चुकी है। गोबर से बने दिये एवं मूर्तियां दिखने में बेहद आकर्षक हैं और लोगों को लुभा भी रहे हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि नगर निगम द्वारा गौशाला में बनाये गये दीये और मूर्तियां मेयर, पार्षद, निगम कर्मचारी और अधिकारियों के अलावा शहरवासियों को दीपावली के तोहफे में दी जाएगी। म्युनिसिपल कमिश्नर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग पर्यावरण का ध्यान रखें और पर्यावरण को सहेजने में जो भी योगदान हो अवश्य करें। नगर निगम के इस अभियान की शहरवासियों ने भी तारीफ की है। लाइनपार क्षेत्र आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष आरके आर्य ने म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर को बधाई देते हुए इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे दीपावली इको फ्रेंडली होगा ुऔर चाइनीज समानों का बहिष्कार भी होगा। इसका लाभ हमारे यहां दीये और मूर्तियां बनाने वालों को होगा।