परशुराम जन्मोत्सव को लेकर अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा ने की बैठक

तरुण मिश्र के संघर्षों की सराहना, एकजुट होने का दिया आश्वासन

कोलकाता। परशुराम जन्मोत्सव को लेकर मंगलवार को कोलकाता में अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री एवं ब्राह्मण सेवक तरुण मिश्र ने महासभा के बंगाल प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों के साथ चर्चा की। बैठक में सभी ने जन्मोत्सव समारोह मनाने के लिए अपने-अपने विचार रखे। ब्राह्मण सेवक तरुण मिश्र ने बताया की परशुराम भगवान के अवतार थे इसलिए भगवान कृष्ण और श्रीराम के जन्मोत्सव की तरह भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव भी हर ब्राह्मण को बड़ी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने बताया की इस अवसर पर ना केवल धार्मिक बल्कि कई सामाजिक भलाई के कार्य भी किए जाएंगे।

ब्राह्मणों से परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। बैठक में 22 अप्रैल को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के दिन भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा ब्राह्मण समाज को एकजुटता दिखाने की जरुरत है। बिना जागरुकता के कोई भी लड़ाई जीती नहीं जा सकती। बैठक के दौरान बंगाल प्रदेश के पदाधिकारियों ने तरुण मिश्र द्वारा ब्राह्मण समाज हित में किए जा रहे संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह से आप पूरे ब्राह्मण समाज के हितों को लेकर देश-विदेश में भ्रमण कर ब्राह्मण कल्याण बोर्ड गठन का मुद्दा उठा रहे हैं। यह हमारे लिए गौरव की बात है। आप समस्त ब्राह्मण समाज के हितों को लेकर लगातार राजनैतिक पार्टी के मंत्रियों, अभिनेता एवं कलाकारों के माध्यम से अपनी बातों को रख रहें है। आने वाले दिनों में इसका परिणाम सकारात्मक दिखाई देगा। आपके संघर्ष के चलते ही आज राजस्थान में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन हो पाया है। उन्होंने कहा आपकी इस लड़ाई में सभी ब्राहण हर कदम पर आपके साथ है। बैठक में सुजॉय बनर्जी, कौशिक चौधरी, कौशल प्रसाद मिश्र तथा रामचन्द झा मुख्य रूप से मौजूद थे।