गोवा में 14 फरवरी को चुनाव, 40 सीट के लिए कांटे की टक्कर

पणजी। गोवा में विधान सभा चुनाव की घड़ी नजदीक आ गई है। वहां 40 सीट के लिए 14 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। इसके मद्देनजर शनिवार की शाम 6 बजे चुनाव प्रचार पर रोक लग जाएगी। रविवार की सुबह पोलिंग पार्टियों की रवानगी होनी है। चुनाव के चलते समूचे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच कांटे की टक्कर होने की संभावना है। भाजपा के लिए सत्ता को बचाए रखने की चुनौती है। गोवा में विधान सभा की कुल 40 सीट हैं।

इन सीट पर 14 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय प्रात: 7 से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। गोवा में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए कांग्रेस पूरा जोर लगा रही है। जबकि भाजपा के सामने सत्ता बचाने की चुनौती है। गोवा में 2017 के चुनाव में कांग्रेस सर्वाधिक 17 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी, मगर सत्ता में नहीं आ सकी थी।

भाजपा ने 13 सीट पर जीत दर्ज की थी और मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए कुछ निर्दलीय उम्मीदवारों और क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन किया था। इस बार चुनाव परिणाम की घोषणा 10 मार्च को होगी। मनोहर पर्रिकर का 2019 में निधन हो गया था। पर्रिकर के निधन के बाद भाजपा ने प्रमोद सावंत को गोवा का मुख्यमंत्री बनाया। कांग्रेस इस बार गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने जहां 37 उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं जीएफपी ने 3 को टिकट दिया है।