महिला मित्र के दबाव में की थी ससुर की हत्या

हत्यारोपी दामाद महिला मित्र समेत गिरफ्तार

गाजियाबाद। लोनी कोतवाली क्षेत्र के गांव कोतवालपुर चिरौड़ी में 30 जनवरी की तड़के पौने 3 बजे की गई दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के रिटायर्ड कर्मी की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के दामाद और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार किया है। सोमवार को लोनी थाने में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा ने सीओ अतुल कुमार सोनकर की मौजूदगी में हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि गांव कोतवालपुर चिरौड़ी निवासी श्यौराज सिंह की उसके दामाद त्रिलोक चंद भाटी पुत्र सुभाष चंद भाटी निवासी वेस्ट करावलनगर खजूरी दिल्ली ने महिला मित्र से शादी का दबाव बनाने के चलते अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पिस्टल से चार गोली मारकर हत्या कर फरार हो गए थे। लोनी थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने दारोगा विजय कुमार, संंजीव कुमार,आरपी राघव टीम के साथ सोमवार की सुबह बंथला फ्लाईओवर के पास से त्रिलोक चंद भाटी और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार किया। इनके पास से पुलिस ने 32 बोर पिस्टल, दो कारतूस, केयूवी 100 गाड़ी बरामद की। लोनी थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि इस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए तीन टीम लगाई गई थी। सर्विलांस की मदद से 48 घंटे बाद हत्यारोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में बताया कि श्यौराज सिंह की छोटी बेटी प्रिंयका के साथ 10 साल पहले शादी हुई थी। इसकी 7 साल की बेटी है। यह दवाई का काम करता था। करीब दो साल पहले दिल्ली की रहने वाली एक महिला से इसके अवैध संबंध बन गए। इसकी जानकारी इसकी पत्नी को लग गई थी। इससे दोनों में झगड़ा होने लगा। इसके पिता ने भी इसे बेदखल कर दिया था। इस मामले में इसकी पत्नी ने दिल्ली खजूरी में मुकदमा दर्ज करा दिया। इसकी पत्नी और श्यौराज सिंह इसमें पैरवी कर रहे थे। जबकि इसकी महिला मित्र इस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर 30 जनवरी की तड़के गांव कोतवालपुर कार से पहुंचे। गाड़ी का हार्न बजाया और गेट खटखटाया। तभी गेट खोलने के लिए श्यौराज सिंह आए। गेट खुलते ही साथियों के साथ मिलकर उसकी गोली मारकर हत्या कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। महिला मित्र के कहने पर ही अपने ससुर की हत्या की थी।