गाजियाबाद के सरकारी डॉक्टर को फंसाकर 11.50 लाख वसूली,महिला समेत दो गिरफ्तार

गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना पुलिस ने जिला एमएमजी अस्पताल में तैनात डॉ. अजेंद्र कुमार दीक्षित को स्किन का चेकअप कराने के बहाने दिखाने आई महिला ने हनी ट्रैप में फंसाकर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे 11.50 लाख रुपए वसूली के मामले में महिला व इसके साथी को गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले डॉक्टर को अपने प्रेम जाल में फंसाया। उसके बाद उसकी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उसे ब्लैकमेल किया। डॉक्टर ने डरकर महिला को तीन किस्तों में 11.50लाख रुपए दे दिए। महिला यहीं नहीं रुकी, उसने डॉक्टर के खिलाफ साहिबाबाद थाने में शिकायत दे दी। डॉक्टर ने आत्महत्या की बात करते हुए आरोपी महिला और उसके साथियों के खिलाफ साहिबाबाद थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसीपी साहिबाबाद रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि जिला एमएमजी अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर से वर्ष-2018 में उपचार के दौरान महिला उनसे मिली। इस दौरान महिला ने डॉक्टर का फोन नंबर ले लिया। महिला ने डॉक्टर को मोबाइल पर मैसेज भेजने शुरू कर दिए। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। महिला ने डॉक्टर के साथ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन से बना लिए। महिला ने इन फोटो और वीडियो को डॉक्टर के फोन में भेजकर उससे पैसे की डिमांड शुरू कर दी। डर के कारण डॉक्टर ने महिला को 4.50 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद डॉक्टर ने जब वीडियो और फोटो डिलीट करने को कहा तो महिला ने अस्पताल के अन्य स्टाफ को भी फोटो भेज दिए। इससे घबराकर डॉक्टर आरोपी महिला की मांगे पूरी करता रहा। आरोप है कि महिला दो अन्य युवतियों और एक युवक के साथ मिलकर डॉक्टर को लूटते रहे।

इस दौरान आरोपी महिला ने स्वास्थ्य विभाग को भी इस प्रकरण की शिकायत कर दी। अस्पताल के साथियों के साथ मिलकर महिला से फोटो और वीडियो डिलीट करने की मांग की। इसके बदले में आरोपी महिला ने पांच लाख रुपए की मांग कर दी। महिला को अस्पताल में बुलाकर उसके फोन से फोटो और वीडियो डिलीट की गई। महिला को पांच लाख रुपए दे दिए। आरोप है कि महिला ने फिर डॉक्टर को परेशान करना शुरू कर दिया और कहा कि अभी पेन ड्राइव में उसकी फोटो और वीडियो उसके पास मौजूद है। इसके बदले में महिला ने डॉक्टर से दो लाख रुपए ले लिए। डॉक्टर से पैसे लेने के बाद महिला ने घंटाघर कोतवाली में उसके खिलाफ शिकायत दे दी। इससे परेशान डॉक्टर ने आत्महत्या की बात करते हुए पुलिस अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी। एसीपी ने बताया कि ब्लैकमेल करने के मामले में महिला व उसके साथी आशीष ठाकुर पुत्र हरिशचन्द निवासी पंचवटी कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।