माइग्रेशन पॉलिसी : अमेरिकी राष्ट्रपति का पुतला फूंका

मैक्सिको में डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ प्रदर्शन, मार्च निकाला

तिजुआना। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की माइग्रेशन पॉलिसी का विरोध तेज हो गया है। मैक्सिको में माइग्रेशन पॉलिसी के खिलाफ डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मार्च भी निकाला। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका के नागरिकों से राष्ट्रपति चुनाव में इस पॉलिसी के खिलाफ वोट देने की अपील की। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माइग्रेशन पॉलिसी में बदलाव किया है। इसका विरोध निरंतर सामने आ रहा है। मैक्सिकों में खफा नागरिकों ने सड़कों पर उतर कर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंक कर नारेबाजी की। काफी संख्या में प्रवासी कार्यकर्ताओं ने तिजुआना से समुद्र तट तक मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की सीमा नीति कतई स्वीकार्य नहीं है। मैक्सिकन अमेरिकी मूल के नागरिकों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में मतदाताओं को माइग्रेशन पॉलिसी के खिलाफ मतदान करना चाहिए। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जे. बिडेन ने माइग्रेशन पॉलिसी में सुधार का वादा किया है। डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी बिडेन के मध्य इस मुद्दे पर कांटे की टक्कर है। डोनाल्ड ट्रंप मैक्सिको से अवैध माइग्रेशन रोकने के वायदे के साथ चुनाव मैदान में हैं। उनका आरोप है कि अवैध माइग्रेशन के जरिए दुष्कर्मी और हत्यारे अमेरिका में शरण लेने की कोशिश करते हैं। डोनाल्ड ट्रंप के इन इरादों का मैक्सिको पर सीधा असर पड़ेगा। दोनों देशों के बीच निर्माणाधीन सीमा दीवार पर ट्रंप ने मैक्सिको के राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज ओब्रेडोर की बात को अनुसना तक कर दिया। मैक्सिको के एक नागरिक को अमेरिकी फोर्स ने कुछ दिन पहले तिजुआना-सैन डिएगो सीमा पार करने का प्रयास करते समय मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद से मैक्सिको में प्रवासियों के भीतर आक्रोश पनप रहा है। मैक्सिको के इन प्रवासियों के विरोध का अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव पर कितना असर पड़ेगा, यह जल्द मालूम पड़ जाएगा।