लोकसभा चुनाव में ब्राह्मण प्रत्याशियों को उचित प्रतिनिधित्व देने की भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा ने उठाई मांग

-अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री एवं ब्राह्मण सेवक तरुण मिश्र ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात में रखी मांग

अशोक सिंह (उदय भूमि ब्यूरो )
लखनऊ। ब्राह्मण समाज के प्रति राजनीतिक पार्टियों का व्यवहार उपेक्षापूर्ण है। ब्राह्मण समाज का वोट लेने के बाद राजनीतिक पार्टियां उन्हें उसी हाल पर छोड़ देती हैं। ब्राह्मण विरोधी राजनीतिक पार्टियों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। ब्राह्मणों के खिलाफ दुष्प्रचार कर ब्राह्मणों को अपमानित करने का कार्य कई पार्टियों द्वारा किया जा रहा है। लेकिन ब्राह्मण समाज अब इन उपेक्षा पूर्ण व्यवहार और अपमानित करने की परिपार्टी को सहन नहीं करेगा। उत्तर प्रदेश की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंचे अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री एवं ब्राह्मण सेवक तरुण मिश्र ने मंगलवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता में यह बातें कहीं।

तरुण मिश्र ने कहा कि ब्राह्मण समाज जागरूक समाज है। सनातन काल से ब्राह्मण देश और समाज को दिशा देता रहा है। लेकिन वर्तमान में ब्राह्मण समाज राजनीतिक रूप से पूरी तरह उपेक्षित है। भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा को ब्राह्मण समाज का सबसे अधिक वोट मिलता है। ऐसे में भाजपा को लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक संख्या में ब्राह्मण प्रत्याशियों को टिकट देना चाहिए। तरुण मिश्र ने उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान राज्य सरकार दोनों उप-मुख्यमंत्री एवं अन्य कई मंत्रियों सहित प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी से मुलाकात की।

उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात के दौरान तरुण मिश्र ने ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन एवं मंदिरों में पूजा पाठ कराने वाले पुजारियों को लेकर सरकार द्वारा विशेष योजना तैयार करने की मांग की। भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी से मुलाकात के दौरान तरुण मिश्र ने लोकसभा चुनाव में ब्राह्मण प्रत्याशियों को टिकट देने का मुद्दा उठाया। तरुण मिश्र ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से कहा कि प्रदेश में ब्राह्मण मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। लगभग 16 फीसद ब्राह्मण मतदाताओं का वोट जिस पार्टी को मिलेगा उसे ही सर्वाधिक सीटें मिलेंगी।

लोकसभा चुनाव में यदि भाजपा द्वारा ब्राह्मण समाज के अधिक से अधिक प्रत्याशियों को अपना उम्मीदवार बनाया जाता है तो इससे ब्राह्मण समाज में अच्छा संदेश जाएगा और भाजपा को पूरे देश में इसका लाभ मिलेगा। तरुण मिश्र ने उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर से भी मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। राजधानी लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में तरुण मिश्र ने अपने लखनऊ यात्रा को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि सरकार के मंत्रियों एवं प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात में ब्राह्मण समाज की भलाई को लेकर कई मुद्दों पर चर्चा हुई। सरकार के मंत्रियों एवं प्रदेश अध्यक्ष ने अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की मांगों को लेकर सकारात्मक रुख अपनाने का आश्वासन दिया है।