छल प्रपंच का दूसरा नाम है भाजपा: अजय वर्मा

– कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय वर्मा ने बिहार चुनाव में एनडीए की जीत को बताया फरेब

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। बिहार में एनडीए की जीत को कांग्रेस ने फरेब करार दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय वर्मा ने कहा कि चुनाव से लेकर मतगणना तक भाजपा ने फरेब किया है। उन्होंने भाजपा की नीतियों को लेकर भी हमला किया। अजय वर्मा ने कहा कि भाजपा ने बिहार विधान सभा का चुनाव पाकिस्तान और धारा-370 के मुद्दे पर लड़ा। जबकि यूपीए गठबंधन ने बिहार के नागरिकों की जरूरत, माइग्रेंट लेबर, बेहाल व्यापारी और नौकरी के इंतजार में भटक रहे बेरोजगार युवाओं के मुद्दे पर चुनाव लड़ा। हम जनता के साथ जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे थे और जिस तरह से हमारे पक्ष में मतदान हुआ वह बताता है कि जनता हमारे साथ रही। हमारे लिए जनता की सेवा और जनता के लिए खड़ा होना ज्यादा मायने रखता हैं। फरेबी ने छल प्रपंच करके जीत हासिल की है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि झूठ बोलकर जनता को भ्रमित करके बहुत लंबे समय तक राज नहीं किया जा सकता है। बिहार के चुनाव ने यह दिखा दिया कि किस तरह से सुशासन बाबू कहे जाने वाले नीतीश कुमार और झूठे वादे करने में महारत हासिल करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता अपने दिल से उतार रही है। आने वाले समय में इन सभी के ऊपर से चोला उठ जाएगा और पूरी तरह से बेनकाब हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा 2014 से केंद्र की सत्ता में आई है, लेकिन इनका अहंकार हद से ज्यादा बढ़ गया है और यही अहंकार इनके पतन का कारण भी होगा। सरकार बेशक लाख दावे कर ले लेकिन अभी भी इन्हें राज्यसभा में बहुमत पाने के लिए ढेर सारे हथकंडे अपनाने पड़ रहे हैं। बिहार चुनाव में जनता की समस्या और जनता की बात इनके एजेंडे में नहीं थी। इनके लिए सिर्फ हिंदू-मुसलमान और पाकिस्तान ही एजेंडा है।
अजय वर्मा ने कहा कि भाजपा का एजेंडा है झूठ बोलो और सत्ता में आओ। पहले झूठ बोलो और फिर पलटू चाचा की तरह से पलट जाओ, पलटने में नीतीश कुमार को महारत हासिल है। बिहार की सत्ता चोरी करके ली गई थी। बीजेपी ने पहले ही पलटू चाचा को अपनी तरफ मिलाया और हमारी सरकार को गिरा दिया। इनका मकसद किसी तरह साम-दाम-दंड-भेद अपना कर बिहार की सत्ता हासिल करने से है। इन्हें ना तो बिहार से मतलब है ना बिहार के छात्र, रोजगार, युवा, व्यापारी, कारोबारी, महिलाएं की किसी भी समस्या से कोई लेना देना नहीं है। महंगाई और बढ़ती जा रही है। यह सब इनके एजेंडे में नहीं है। हमने मजबूती के साथ चुनाव लड़ा और जनता हमारे साथ रही, हमें इस बात की खुशी है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा की नीतियां विभाजनकारी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को राष्ट्रवादी कहते हैं, मगर पिछले 6 साल में उन्होंने देश को कमजोर किया है। देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है। नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन जैसे निर्णय जल्दबाजी में लिए गए थे। जिनका खामियाजा सभी को भुगतना पड़ रहा है।